बिहार में हॉरर किलिंगः प्रेम विवाह के लिए अपनों ने ही दी खौफनाक सजा
बिहार में ऑनर किलिंग की यह वारदात गया में हुई। लड़की के परिजनों ने पहले उसके प्रेमी की हत्या की, फिर लड़की को भी मार डाला। पमरी घटना जानिए इस खबर में।
गया [जेएनएन]। ऑनर किलिंग की यह वारदात रोंगटे खड़ी कर देने वाली है। अंतरजातीय विवाह करने वाले प्रेमी युगल को पकड़कर पहले तो दर्दनाक मौत दी, फिर शवों को जला डाला। दिल हिला देने वाली यह घटना गया के
मानपुर स्थित मनियारा गांव की है। सोमवार को पुलिस ने मौके से जैसे-तैसे साक्ष्य जुटाए और लड़की के पिता बालेवर यादव, चाचा महेश यादव और रिश्तेदार श्रवण कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम विवाह से हत्या तक, जानिए मामला
गया के वजीरंगज थाना क्षेत्र के कारीसोवा गांव का निवासी विकास बुद्धगेरे बाजार में पिछले पांच साल से कोचिंग सेंटर चला रहा था। 10वीं कक्षा में पढऩे वाली सोनी वहां कोचिंग के लिए जाती थी। वह मनियारा गांव के बालेश्वर यादव की पुत्री थी। विकास और सोनी के बीच प्रेम हो गया। डेढ़ माह पूर्व दोनों घर से फरार हो गए और किसी मंदिर में दोनों ने शादी रचा ली। एक सप्ताह बाद दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विकास को जेल भेज दिया गया। सोनी परिजनों के हवाले कर दी गई।
कुछ दिन पहले विकास जेल से छूटा। उसके बाद फिर दोनों में बातचीत होने लगी। सेलफोन से कॉल कर सोनी मिलने के लिए विकास को बुलाया। गांव के पुल के पास सोनी के परिजनों ने विकास को पकड़ लिया और जमकर पीटा, फिर हत्या कर शव को नदी के किनारे गाड़ दिया।
सोनी को हत्या की आशंका हुई। उसने परिजनों से पूछताछ की। विकास को जिंदा बताकर परिजन सोनी को भी गांव के पास नदी किनारे ले गए और वहां उसकी भी हत्या कर दी। बाद में दोनों के शव जला दिए गए।
पुलिस पूछताछ में चाुल गई पोल
विकास के पिता चांदो पासवान ने आठ फरवरी को मुफस्सिल थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसकी तहकीकात में पुलिस मनियारा गांव पहुंची। पुलिस ने सोनी के परिजनों से पूछताछ की तो उसके पिता, चाचा और रिश्तेदार ने जुर्म कबूल कर लिया। इस वारदात का ब्योरा सुन पुलिस भी सन्न रह गई। डीएसपी अभिजीत कुमार सिंह ने सोनी कुमारी और विकास कुमार की हत्या के पीछे अंतरजातीय विवाह को बताया।