कालचक्र मैदान पर बुद्ध के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति
फोटो- जागरण संवाददाता बोधगया
गया । 15वें त्रिपिटक सूत्त पाठ के समापन की पूर्व संध्या पर नागपुर के कलाकारों ने कालचक्र मैदान पर बुधवार की रात बुद्ध के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका का सफल मंचन किया। कार्यक्रम की प्रस्तुति यूथ सियोन एवं संजीवनी सखी संघ द्वारा किया गया। कलाकारों ने विभा गजमिये के निर्देशन एवं मीनाक्षी पाटिल द्वारा नृत्य नाटिका में भगवान बुद्ध के जन्म ज्ञान, त्याग विचार, पंचशील की झलकियां के साथ यशोधरा के विरह वेदना को प्रस्तुत किया। भगवान बुद्ध के पुर्नजन्म, बुद्ध के अनुयायियों की खुशी, संतुष्टि, शांति से दर्शकों को रूबरू कराया।
नृत्य नाटिका के निर्देशक विभा गजमिये ने बताया कि विश्व शांति के संदेश के साथ प्रस्तुत इस नाटिका में कलाकार पूजा नंदगावली, ज्योति चंद्रशेखर, प्रिया पाटिल, नेहा पाटिल, प्रतीक्षा वंशोड एवं ग्रिस्मा नरनावाडे ने मुख्य भूमिका निभाई। संगीत भूपेश सावई एवं कोरियोग्राफर दिव्य शक्ति बोडेले एवं ज्योति चंद्रशेखर की और छाया रूपक सिन्हा की थी। इस कार्यक्रम को त्रिपिटक सूत्त पाठ में शामिल बौद्ध भिक्षुओं व देश के विभिन्न हिस्से से आए उपासक-उपासिकाओं के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बता दें दस दिवसीय त्रिपिटक सूत्त पाठ का गुरुवार को समापन होगा।