गया में कंप्यूटर-आईटी के युवाओं के लिए नौकरी का मौका, ₹30 हजार तक मिलेगी सैलरी
गया में कंप्यूटर और आईटी क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है। अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया द्वारा 6 अक्टूबर को एक दिवसीय जॉब कैंप आयोजित किया जाएगा।

युवाओं के लिए नौकरी का मौका (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
गया में कंप्यूटर-आईटी युवाओं के लिए 56 पदों पर नौकरी का अवसर।
6 अक्टूबर को अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया में जॉब कैंप।
हेलो मोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 30 हजार रुपये तक की सैलरी।
जागरण संवाददाता, गयाजी। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है। कंप्यूटर और आईटी क्षेत्र में योग्यता रखने वाले युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया की ओर से छह अक्टूबर को एक दिवसीय जाब कैंप लगाया जाएगा।
संयुक्त श्रम भवन, केंदुई में सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित होने वाले कैंप में निजी कंपनी हेलो मोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 56 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
56 पदों पर मिलेगा रोजगार का अवसर
जॉब कैंप में वोकेशनल टीचर के 21, वोकेशनल ट्रेनर या मास्टर ट्रेनर के दो और कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर या आईसीटी इंस्ट्रक्टर के 33 पदों पर चयन किया जाएगा। वोकेशनल टीचर और कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर या आईसीटी इंस्ट्रक्टर के पदों के लिए 14,326 रुपए प्रतिमाह वेतन निर्धारित है। वहीं, वोकेशनल ट्रेनर या मास्टर ट्रेनर के पद पर चयनित युवाओं को 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
योग्यता और अनुभव का रखा गया है ध्यान
वोकेशनल टीचर के लिए स्नातक के साथ कंप्यूटर, आईटी या संबंधित क्षेत्र में कम से कम एक वर्षीय डिप्लोमा या सर्टिफिकेशन होना आवश्यक है। वोकेशनल ट्रेनर या मास्टर ट्रेनर के लिए भी यही शैक्षणिक योग्यता निर्धारित है। इसके साथ वोकेशनल ट्रेनिंग या शिक्षा के क्षेत्र में दो से पांच वर्ष का अनुभव जरूरी है। कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर या आइसीटी इंस्ट्रक्टर के लिए कंप्यूटर साइंस, आइटी या संबंधित विषय में स्नातक तथा कंप्यूटर शिक्षण का एक से दो वर्ष का अनुभव मांगा गया है।
दूसरे जिलों के युवा भी ले सकेंगे भाग
जॉब कैंप में शामिल होने के लिए आयु सीमा 18 से 32 वर्ष निर्धारित की गई है। गया जिले के लिए निर्धारित रिक्तियों के बावजूद दूसरे जिलों के ऐसे अभ्यर्थी भी कैंप में भाग ले सकते हैं, जो गया में काम करने के इच्छुक हैं। अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर पहुंचना होगा।
ऑनलाइन निबंधन की भी सुविधा
इच्छुक युवा नेशनल करियर सर्विस पोर्टल या बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर अपना निबंधन करा सकते हैं। ऑनलाइन निबंधन में सहायता के लिए अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया से संपर्क किया जा सकता है। जाब कैंप में प्रवेश से लेकर चयन तक की प्रक्रिया निशुल्क होगी। चयन के बाद नियुक्ति की शर्तों के लिए संबंधित नियोजक जिम्मेदार होंगे।
