रोहतासः तुतला भवानी कुंड में डूबे 22 वर्षीय युवक गोलू का शव 48 घंटे बाद बरामद
गोलू सासाराम से अपने परिवार व परिचितों के साथ तुतला भवानी धाम परिसर पर घूमने आया था। इसी क्रम में सभी कुंड में नहा रहे थे। नहाने के दौरान ही पैर फिसलने से डूब गया।तीन दिन की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद किया गया।
संवाद सूत्र, तिलौथू : रोहतास ।थाना क्षेत्र के तुतला भवानी धाम में मंगलवार को कुंड में डूबे युवक का शव गुरुवार सुबह गोताखोरों की मदद से बरामद किया गया। मृतक कैमूर जिले के कुदरा निवासी संजय सिंह का 22 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है।
घटना के बारे में तिलौथू थानाध्यक्ष कृपाल जी ने बताया कि उक्त युवक सासाराम से अपने परिवार व परिचितों के साथ तुतला भवानी धाम परिसर पर घूमने आया था। इसी क्रम में सभी कुंड में नहा रहे थे। नहाने के दौरान ही पैर फिसलने से उक्त युवक गहरे पानी में डूब गया।तीन दिन की बड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद किया गया। बरसात की वजह से पानी अधिक होने से युवक को ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्वजनों ने बताया कि उक्त युवक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
घटना की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। साथ में पहुंचे लोग शोकाकुल पिता को ढांढस बंधा रहे थे। धाम परिसर कमेटी के सदस्यों के अनुसार डूबने की घटना पर रोकथाम के लिए सुरक्षा घेरा भी बनवाया गया है। बावजूद इसके कई लोग अपने जान के साथ खिलवाड़ कर घेरा तोड़कर आगे कुंड में प्रवेश कर जाते हैं। इस वजह से भी अक्सर यहां दुर्घटनाएं होती हैं।