विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुएं में दम घुटने से पिता-पुत्र समेत 4 की मौत, शव निकालने उतरा अग्निशमन जवान भी बेहोश, गया की घटना

Published: Fri, 14 Aug 2026 03:11 PM (IST)

डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में कुएं में सक्शन पाइप डालने के दौरान दम घुटने से पिता-पुत्र समेत चार ...और पढ़ें

HighLights

  1. डोभी के गढ़ करमौनी में कुएं में दम घुटने से चार की मौत।

  2. सक्शन पाइप डालते समय पिता-पुत्र समेत चार ने गंवाई जान।

  3. शव निकालने उतरे अग्निशमन जवान भी कुएं में हुए बेहोश।

संवाद सूत्र, डोभी। प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में शनिवार को कुएं में सक्शन पाइप डालने के दौरान दम घुटने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गढ़ करमौनी निवासी विजय चौधरी, उसके पुत्र विकास चौधरी, चमारी मांझी और दिलचंद मांझी के रूप में हुई है।

चारों को बचाने और शव निकालने के प्रयास में कुएं में उतरा अग्निशमन विभाग का जवान अजीत कुमार भी बेहोश हो गया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को कुएं में उतरने से रोका 

उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति नियंत्रित बताई गई।
घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी डीएसपी-2 राजन कुमार, डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, बीडीओ लक्ष्मण कुमार और सीओ भारतेंदु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को कुएं में उतरने से रोक दिया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, कुएं के समीप खेत में धान का बिचड़ा कबाड़ने का काम चल रहा था।

खेत में पानी पहुंचाने के लिए केसिंग पाइप लेकर विजय चौधरी कुएं में उतरा। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए दिलचंद मांझी कुएं में उतरा और वह भी बेहोश हो गया।

इसके बाद चमारी मांझी भी कुएं में उतर गया और बेहोश हो गया। तीनों को बेहोश होता देख विजय चौधरी का पुत्र विकास कुएं में उतरने का प्रयास करने लगा।

प‍िता को बचाने के ल‍िए उतरा और हुआ बेहोश 

ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन पिता को बचाने के लिए वह भी कुएं में उतर गया और बेहोश हो गया।
घटना के बाद आसपास काम कर रहे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।

एक ग्रामीण ने जुगाड़ के सहारे विजय चौधरी का शव कुएं से बाहर निकाला। इसी बीच अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे जवान अजीत कुमार कुएं में उतरे और दिलचंद मांझी के शव को बाहर निकालने में सफल रहे।

इसी दौरान उनकी भी तबीयत बिगड़ गई और बाहर निकलते ही वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें पीएचसी डोभी ले जाया गया। 

बाद में एसडीआरएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुएं में फंसे अन्य दो शवों को भी बाहर निकाला। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज अस्पताल, गया भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- गया में पुराने कुएं में जहरीली गैस की आशंका, 4 ग्रामीण फंसे; रेस्क्यू में जवान भी बेहोश