विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहू ने ससुर की अर्थी को दिया कंधा, गया में जेल से पैरोल पर घर लौटा बेटा तो हुआ अंतिम संस्कार

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:11 PM (IST)

गया में पिता के निधन के बाद बेटे के पैरोल पर आने का इंतजार किया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान बहू रिंकी कुमारी ने ससुर की अर्थी को कंधा देकर एक मिसाल पेश की, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

बड़ी बहू ने अर्थी को कंधा देकर पेश की मिसाल

बड़ी बहू ने अर्थी को कंधा देकर पेश की मिसाल

HighLights

  1. पिता के निधन पर बेटे को मिली 15 दिन की पैरोल।

  2. बहू रिंकी कुमारी ने ससुर की अर्थी को दिया कंधा।

  3. बेटे के घर पहुंचने पर देर शाम हुआ अंतिम संस्कार।

संवादसूत्र, बाराचट्टी (गया)। बाराचट्टी प्रखंड की दिवनीया पंचायत के चांदो गांव में एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। पिता की मौत के बाद परिवार को उनके अंतिम संस्कार के लिए मंझले बेटे के घर लौटने का इंतजार था। अनिल कुमार यादव शेरघाटी जेल में बंद थे। उन्हें 15 दिनों की पैरोल मिलने के बाद बुधवार को घर पहुंचने पर पिता की अंतिम विदाई दी गई।

बेटे के इंतजार में रुका रहा अंतिम संस्कार

धनु यादव को अचानक तेज बुखार आने के बाद गया स्थित मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसके बाद शव को चांदो गांव स्थित घर लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोग बेटे अनिल के आने का इंतजार कर रहे थे।

पैरोल पर घर पहुंचते ही दी गई अंतिम विदाई

अनिल कुमार यादव एक आपराधिक मामले में शेरघाटी जेल में बंद थे। पिता के निधन के बाद उन्हें 15 दिनों की पैरोल मिली। बुधवार को उनके घर पहुंचने के बाद देर शाम धनु यादव का अंतिम संस्कार किया गया। पिता को अंतिम विदाई देने के लिए परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

बड़ी बहू ने अर्थी को कंधा देकर पेश की मिसाल

अंतिम यात्रा के दौरान परिवार का एक और भावुक दृश्य देखने को मिला। धनु यादव की बड़ी बहू रिंकी कुमारी ने भी अपने ससुर की अर्थी को कंधा दिया। उनके इस कदम की ग्रामीणों ने सराहना की। गांव से निकली अंतिम यात्रा श्मशान घाट पहुंची, जहां नम आंखों से धनु यादव को अंतिम विदाई दी गई।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जताया शोक

अंतिम संस्कार के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद यादव, राजद नेत्री तनुश्री मांझी, दिवनीया पंचायत के मुखिया राजू यादव और हम नेता बालेश्वर यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया और दिवंगत के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।

गांव और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया

धनु यादव के निधन पर जिला परिषद सदस्य अरविंद यादव, रामनवमी मेला समिति सुलेबटा के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह और जदयू नेता अभिषेक कुमार उर्फ चिंटू ने भी गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि धनु यादव का निधन गांव और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।