गया में दशहरे पर 36 स्थानों पर जलेगा रावण; गांधी मैदान समेत सभी आयोजन स्थलों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
गया जिले में विजयादशमी पर 23 थाना क्षेत्रों के 36 स्थलों पर रावण वध कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला प्रशासन ने ...और पढ़ें

रावण वध की तैयारी का जायजा लेते अधिकारी। जागरण
HighLights
गया में विजयादशमी पर 36 स्थलों पर रावण वध।
सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम।
सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल और आपातकालीन सेवाएं तैनात।
जागरण संवाददाता, गया। विजयादशमी पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को गया जिले के 23 थाना क्षेत्रों में निर्धारित 36 स्थलों पर रावण वध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक तैयारी की है। सभी आयोजन स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
प्रशासन ने सभी कार्यक्रमों को शाम छह बजे से पहले संपन्न कराने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया है।
प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास की व्यवस्था और मिनी नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे। भीड़ का दबाव बढ़ने पर लोगों की आवाजाही वैकल्पिक मार्गों से कराने की व्यवस्था भी रहेगी।
गांधी मैदान से बोधगया तक सुरक्षा के इंतजाम
गया शहर के गांधी मैदान के अलावा गेरे रसलपुर, बेलागंज पड़ाव मैदान, मेन बाजार, कोटेश्वर धाम, पाई बिगहा बाजार, बोधगया के भोजवर और मोचारिम हाई स्कूल समेत विभिन्न स्थानों पर रावण वध होगा।
इमामगंज, बाराचट्टी, वजीरगंज और अन्य थाना क्षेत्रों में भी कई आयोजन स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख प्रवेश द्वारों, वॉच टावरों और आसपास के चौक-चौराहों पर सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम तैनात रहेगी।
पार्किंग, एंबुलेंस और अग्निशमन की व्यवस्था
कार्यक्रम स्थलों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पदाधिकारियों की तैनाती होगी। वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित कराई जाएगी।
ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। आपात स्थिति के लिए चिकित्सक दल, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
रेलवे लाइन और समपार फाटकों के आसपास भी निगरानी रखी जाएगी। बिजली के खुले और अव्यवस्थित तारों से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
आयोजकों को भी दिए गए निर्देश
आयोजन समितियों को पहचान पत्र के साथ स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से प्रवेश और निकास के निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा विजयादशमी का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
इन स्थानों पर होगा रावण वध
सिविल लाइंस: गांधी मैदान
मुफस्सिल: गेरे रसलपुर
बेलागंज: बेलागंज पड़ाव मैदान
मेन: मेन बाजार और कोटेश्वर धाम
पाई बिगहा: पाई बिगहा बाजार
बोधगया: भोजवर और मोचारिम हाई स्कूल
इमामगंज: रानीगंज, विश्वम्भरपुर, झनकपुर घाट, पकरिया गुरिया और नगमा
मैगरा: नारायणपुर और मैगरा
लुटुआ: दीघासीन
रोशनगंज: राजकीय मध्य विद्यालय, जहुआरकला
बांकेबाजार: देवी स्थान के समीप
डुमरी: काठवर, डुमरी
बाराचट्टी: सुलेबट्टा और भलुआ चट्टी
फतेहपुर: दमरीशाह (डुमरी चट्टी)
टनकुप्पा: पुरानी हाई स्कूल मैदान, टनकुप्पा बाजार
वजीरगंज: सकरदह (नवादा खेल मैदान), कठरिया और केदारनाथ स्टेडियम, तरवां
महकार: महकार और कुरवा
शेरघाटी: रंगालाल उच्च विद्यालय
टिकारी: शिवनगर और मलिया
कोंच: रैना और उसास देवरा
आंती: आंती कांवरगढ़ मैदान
गुरारू: सर्वोदय हाई स्कूल
परैया: पंडित बिगहा (कठा)
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आयोजन स्थलों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं, ताकि विजयादशमी के कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
