गया होकर चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें, दक्षिण भारत जाने वालों को मिलेगी राहत
त्योहारों के मौसम में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गया होकर दक्षिण भारत के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
जागरण संवाददाता, गयाजी। पर्व-त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच गया होकर दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है।
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की योजना बनाई है। पटना से चर्लपल्ली के बीच गया होकर चलने वाली स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाई गई है।
इसके अलावा दानापुर और सासाराम से भी चर्लपल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इससे गया जंक्शन से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
गया होकर दो दिन चलेगी पटना-चर्लपल्ली स्पेशल
गया-कोडरमा-गोमो-रांची-बिलासपुर-रायपुर-नागपुर-काजीपेट के रास्ते पटना और चर्लपल्ली के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन के परिचालन का विस्तार किया गया है।
03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को चलेगी। इससे गया जंक्शन से दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को सप्ताह में दो दिन ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
वापसी में 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 7 अक्टूबर से 2 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। वहीं, 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को परिचालित होगी। दोनों ट्रेनों से चर्लपल्ली और दक्षिण भारत के अन्य क्षेत्रों से लौटने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
