विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता-आलमनगर पूजा स्पेशल ट्रेन का एलान, गया जंक्शन पर भी स्टॉपेज; त्योहारों में मिलेगी राहत

Published: Tue, 29 Sep 2026 07:00 AM (IST)

रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कोलकाता से आलमनगर के बीच 03107/03108 पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. दुर्गापूजा, दीपावली, छठ पर्व के लिए विशेष ट्रेन की घोषणा।

  2. कोलकाता-आलमनगर पूजा स्पेशल गया जंक्शन से गुजरेगी।

  3. अक्टूबर-नवंबर में दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे।

जागरण संवाददाता, गयाजी। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक और पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

पूर्व रेलवे की ओर से कोलकाता से आलमनगर के बीच 03107/03108 पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। यह ट्रेन गया जंक्शन होकर चलेगी।

अक्टूबर और नवंबर में दोनों दिशाओं में इस ट्रेन के सात-सात फेरे निर्धारित किए गए हैं। इससे पर्व के दौरान गया होकर सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी।

15 अक्टूबर से शुरू होगा परिचालन

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार 03107 कोलकाता-आलमनगर पूजा स्पेशल गुरुवार को चलेगी। अक्टूबर में यह ट्रेन 15, 22 और 29 तारीख को तथा नवंबर में 5, 12, 19 और 26 तारीख को चलेगी।

वहीं, 03108 आलमनगर-कोलकाता पूजा स्पेशल शनिवार को चलेगी। अक्टूबर में 17, 24 और 31 तथा नवंबर में 7, 14, 21 और 28 तारीख को इसका परिचालन होगा।

गया जंक्शन पर दोनों दिशाओं में ठहराव

कोलकाता से आलमनगर जाने वाली 03107 पूजा स्पेशल सुबह करीब 9:10 बजे गया जंक्शन पहुंचेगी और 9:15 बजे प्रस्थान करेगी।

वापसी में 03108 पूजा स्पेशल आलमनगर से चलकर गया जंक्शन पर दोपहर करीब 12:05 बजे पहुंचेगी और 12:10 बजे प्रस्थान करेगी। गया के यात्रियों को इस ट्रेन से कोलकाता सहित मार्ग के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों के लिए अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा।

इन प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी ट्रेन

पूजा स्पेशल ट्रेन कोलकाता से चलकर नैहाटी, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, प्रधानखूंटा, धनबाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, सुल्तानपुर और उटरेटिया होते हुए आलमनगर पहुंचेगी। वापसी में यही ट्रेन निर्धारित मार्ग से कोलकाता की ओर लौटेगी।

पर्व के दौरान यात्रियों को मिलेगी राहत

पितृपक्ष मेला के बाद दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान भी गया जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पूजा स्पेशल ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

रेलवे ने संबंधित मंडलों को ट्रेन का समय पर परिचालन सुनिश्चित करने तथा कोचों की सफाई, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

रेलवे की ओर से संबंधित अधिकारियों को विशेष ट्रेन को प्राथमिकता के साथ संचालित करने और परिचालन में विलंब होने पर इसकी सूचना आपातकालीन नियंत्रण केंद्र को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन के परिचालन और ठहराव की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है।

यह भी पढ़ें- पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े, 30 नवंबर तक मिलेगी सुविधा