पितृपक्ष मेला पर श्रद्धालुओं को रेलवे का तोहफा, पुनपुन और अनुग्रह नारायण घाट पर रुकेंगी 17 ट्रेनें
रेलवे ने पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुनपुन घाट हाल्ट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर 17 ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पितृपक्ष मेला हेतु रेलवे ने की विशेष व्यवस्था।
पुनपुन घाट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर ट्रेनों का ठहराव।
यह व्यवस्था 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक प्रभावी।
जागरण संवाददाता, गयाजी। पितृपक्ष मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने पुनपुन घाट हाल्ट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर कई ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।
25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक दोनों स्थानों पर चयनित ट्रेनों का दो-दो मिनट का ठहराव दिया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को संबंधित घाटों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार पुनपुन घाट हाल्ट पर 12 और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर पांच ट्रेनों का अस्थायी ठहराव रहेगा।
पुनपुन घाट हाल्ट पर 12 ट्रेनों का ठहराव
पितृपक्ष मेला अवधि में पुनपुन घाट हाल्ट पर 13243/13244 पटना-भभुआ रोड-पटना इंटरसिटी, 13347/13348 बरकाकाना-पटना-बरकाकाना पलामू एक्सप्रेस और 13349/13350 सिंगरौली-पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस का ठहराव होगा।
इसी तरह 18623/18624 इसलामपुर-हटिया-इसलामपुर एक्सप्रेस, 18625/18626 पूर्णिया कोर्ट-हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस, 15137/15138 राजगीर-बनारस-राजगीर बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस तथा 63329/63330 पाटलिपुत्र-गया-पाटलिपुत्र मेमू भी पुनपुन घाट हाल्ट पर रुकेंगी।
इसके अलावा 03254/03253 चर्लपल्ली-पटना-चर्लपल्ली स्पेशल, 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल, 63389/63390 पटना-नवादा-पटना मेमू, 63391/63392 इसलामपुर-पटना-इसलामपुर मेमू और 63393 पटना-गया मेमू का भी दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।
अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर पांच ट्रेनें रुकेंगी
अनुग्रह नारायण रोड और चिरैला पौथू के बीच 539/21-540/07 किमी पर स्थित अस्थायी हाल्ट अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर भी पांच ट्रेनों का ठहराव होगा। यहां 63289/63290, 63291/63292 और 63295/63296 गया-डेहरी आन सोन-गया मेमू पैसेंजर का ठहराव रहेगा।
इसके साथ 13305/13306 धनबाद-सासाराम-धनबाद इंटरसिटी तथा 13553/13554 आसनसोल-वाराणसी-आसनसोल मेमू पैसेंजर भी दो मिनट रुकेंगी।
25 सितंबर से प्रभावी होगी व्यवस्था
रेलवे के अनुसार दोनों स्थानों पर अस्थायी ठहराव की व्यवस्था 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। पितृपक्ष मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के निर्धारित समय की जानकारी प्राप्त करने तथा स्टेशन पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- दानापुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य: बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस रद, 4 एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया रूट
