गयाजी आने वाले पिंडदानी पूर्वजों के नाम पर बनवा सकेंगे स्टांप, देश-दुनिया तक पहुंचेगा पितृपक्ष मेला का संदेश
गयाजी में पितृपक्ष मेला के दौरान डाक विभाग ने अनूठी पहल की है, जिसमें चिट्ठियों पर विशेष कैंसिलेशन स्टांप लगाए जा रहे हैं।

डाक विभाग के स्पेशल लिफाफा पर पितृपक्ष मेला को लेकर अंकित जानकारी। (जागरण)
HighLights
चिट्ठियों पर पितृपक्ष मेला का विशेष कैंसिलेशन स्टांप लगाया जा रहा है।
पिंडदानियों के लिए 'माई स्टांप' और गंगोत्री गंगाजल जैसी विशेष सुविधाएँ।
विष्णुपद में अस्थायी उप डाकघर और कैश मित्र सेवा उपलब्ध।
नीरज कुमार, गयाजी। सनातन धर्म में पूर्वजों को शांति और मोक्ष दिलाने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत गयाजी की मोक्ष की भूमि पर इन दिनों पितृपक्ष मेला में अपने-अपने पितरों को मोक्ष और शांति दिलाने के लिए श्रद्धावान पुत्र आएं हैं, जहां कर्मकांड कर रहे हैं।
लेकिन जो लोग पितृपक्ष मेला को नही जानते हैं। उन तक संदेश पहुंचाने के लिए सकारात्मक पहल करते हुए डाक विभाग ने अनूठा पहल की है।
पहली बार जिला प्रशासन ने डाक विभाग से तालमेल करते हुए पितृपक्ष मेला के दौरा निर्गत होने वाले चिट्ठियों पर स्पेशल कैसिलेशन स्टांप लगाया जा रहा है।
पितृपक्ष मेला के उदघाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पेशल कवर पेज का लोकार्पण किए थे। उसके बाद से डाक विभाग सभी चिट्ठियों पर जहां स्टांप लगा हुआ है।
उस पर पितृपक्ष मेला का स्पेशल कैसिलेशन स्टांप लगाया जा रहा है। यहां से निर्गत चिट्ठियां देश के अलग-अलग प्रदेशों में भेजकर पितृपक्ष मेला का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
स्पेशल लिफाफा पर विष्णुपद चरण चिंह, विष्णुपद मंदिर, पितृपक्ष मेला में कर्मकांड के बारे में जानकारी भी अंकित है, जो पिंडदानियों व अन्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
प्रधान डाकघर में ही यह सुविधा
प्रवर डाक अधीक्षक अशुमान ने बताया कि पितृपक्ष मेला को लेकर बीते दिनों हुए बच्चों के बीच प्रतियोगिता में लोगो तय हुआ था।
उसी लोगो को गयाजी के प्रधान डाकघर से 25 सितंबर से लेकर 10 अक्टूबर तक निर्गत होने वाली चिट्ठियों जिनका स्टांप लगा हुआ है, पर पितृपक्ष मेला स्पेशल कैसिलेशन स्टांप लगाया जा रहा है। यह सुविधा के केवल प्रधान डाकघर में ही उपलब्ध है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह लोगो सिर्फ डाक टिकट पर ही उपयोग किया जा रहा है, जो अलग-अलग प्रदेश में जाने वाली चिट्ठियां पर लगाया गया है। चाहे कोई भी डाक टिकट हो।
अपने और पूर्वजों के नाम पर बनाएं डाक टिकट
अधीक्षक ने बताया कि पितृपक्ष मेला में देश और विदेशों से पिंडदानी व श्रद्धालु आते हैं। इस बार डाक विभाग ने पिंडदानियों ने विशेष व्यवस्था करते हुए विष्णुपद में स्टाल लगाया है।
जहां कोई भी पिंडदानी अपना या अपने पूर्वजों के फोटो का डाक टिकट बनावा सकते हैं। इसे माई स्टांप नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि कोई भी पिंडदानी 300 रुपये देकर निर्धारित स्टाल पर जाएंगे। माई स्टांप के तहत अपना डाक टिकट बनवा सकते हैं। माई स्टांप को पिंडदानियों द्वारा काफी पंसद किया गया है।
डाक विभाग ने उपलब्ध कराया गंगात्री का गंगाजल
अधीक्षक ने बताया कि पितृपक्ष मेला में पिंडदानियों के लिए विष्णुपद स्टाल पर गंगोत्री का गंगाजल मंगाया है। कोई पिंडदानी 30 रुपये भुगतान कर 100 एमएल का गंगाजल स्टाल से प्राप्त कर सकते हैं।
कैश मित्र की सुविधा स्टाल पर मौजूद
उन्होंने बताया कि कोई पिंडदानी को कैश को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। डाक विभाग के विष्णुपद स्टाल पर किसी भी बैंक का कोई भी कार्ड रहने पर उन्हें कैश उपलब्ध कराया जाएगा।
स्टाल पर विभाग का कैश मित्र मौजूद हैं, जो प्रत्येक दिन पितृपक्ष मेला के दौरान कैश पिंडदानियों को उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विष्णुपद में अस्थायी उप डाक घर ही खोल दिया गया है, जहां डाक विभाग की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।
