पितृपक्ष मेले में बिजली कटौती पर लगेगी लगाम, गयाजी में 10 कंट्रोल रूम और 21 अफसर संभालेंगे व्यवस्था
बिजली विभाग ने गयाजी में पितृपक्ष मेले के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यापक तैयारी की है, जिसमें 10 कंट्रोल ...और पढ़ें

10 जगहों पर 24 घंटे एक्टिव रहेंगे कंट्रोल रूम
HighLights
मेले के लिए 10 कंट्रोल रूम और 21 अधिकारी तैनात।
डेढ़ महीने से चल रही थी बिजली व्यवस्था सुधार की तैयारी।
सुरक्षा हेतु 50 ट्रांसफार्मरों की घेराबंदी, 8 किमी तार बदले।
जागरण संवाददाता, गयाजी। पितृपक्ष मेला शुरू होने में अब महज तीन दिन शेष हैं। देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बिजली विभाग ने निर्बाध आपूर्ति की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले मेले के दौरान बिजली व्यवस्था की निगरानी के लिए पहली बार 10 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। यहां तीन पालियों में 24 घंटे अधिकारी, लाइनमैन और अन्य कर्मी तैनात रहेंगे।
डेढ़ महीने से चल रही थी तैयारी
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) ने मेला क्षेत्र में पिछले डेढ़ महीने से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का अभियान चलाया।
गया अंचल के विद्युत अधीक्षक अभियंता संदीप प्रकाश की निगरानी में शहरी, ग्रामीण और मानपुर क्षेत्र की टीमों ने जर्जर तारों, ट्रांसफार्मरों और बिजली के अन्य उपकरणों की मरम्मत कराई।
विभाग का दावा है कि मेले के दौरान बढ़ने वाले बिजली लोड को देखते हुए पहले से जरूरी इंतजाम किए गए हैं। पिंडदानी, स्थानीय उपभोक्ता और पर्यटकों को बिजली से जुड़ी परेशानी न हो, इसके लिए फील्ड टीमों को भी अलर्ट रखा जाएगा।
10 जगहों पर 24 घंटे एक्टिव रहेंगे कंट्रोल रूम
विद्युत अधीक्षक अभियंता के अनुसार मेले को देखते हुए 10 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। जिला कंट्रोल रूम संवास सदन समिति में होगा।
इसके अलावा बैजनाथ बैठा, देवघाट, अक्षयवट, सूर्यकुंड, रेलवे स्टेशन, टेंट सिटी, सीताकुंड और प्रेतशिला क्षेत्र में भी कंट्रोल रूम संचालित होंगे।
सभी कंट्रोल रूम 24 सितंबर से काम करना शुरू कर देंगे। किसी इलाके में बिजली संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल संबंधित टीम को मौके पर भेजने की व्यवस्था की गई है। इससे मेले के प्रमुख स्थलों पर तकनीकी समस्या आने पर जल्द समाधान किया जा सकेगा।
मुख्यालय से 21 अफसरों की तैनाती
मेले के दौरान काम का दबाव बढ़ने को देखते हुए ऊर्जा विभाग मुख्यालय से अतिरिक्त अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता और कनीय अभियंता समेत कुल 21 पदाधिकारियों को व्यवस्था में लगाया गया है।
अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर बिजली आपूर्ति की निगरानी करेंगे। विभागीय स्तर पर भी मेले के दौरान बिजली व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी बड़े व्यवधान की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सात पावर सब स्टेशन और ट्रांसफार्मर अपग्रेड
मेला क्षेत्र के खटकाचक, दंडीबाग, चंदौती, प्रेतशिला, गांधी मैदान, मानपुर और पंचायती अखाड़ा पावर सब स्टेशन में जरूरत के अनुसार मरम्मत कार्य कराया गया है। 33 केवी और 11 केवी लाइनों को भी दुरुस्त किया गया है।
इसके अलावा 200 केवीए क्षमता वाले छह ट्रांसफार्मरों को बढ़ाकर 315 केवीए किया गया है। करसिल्ली में 500 केवीए का ट्रांसफार्मर भी लगाया गया है, ताकि संबंधित क्षेत्र में बढ़े हुए लोड को संभाला जा सके।
8 किलोमीटर तार बदले, 50 ट्रांसफार्मर की घेराबंदी
विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में करीब 8 किलोमीटर एलटी तार बदले गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 50 ट्रांसफार्मरों की घेराबंदी भी कराई गई है। अधिकारियों और कर्मियों के बीच तत्काल संपर्क के लिए 40 वॉकी-टॉकी उपलब्ध कराए गए हैं।
ट्रांसफार्मर सहित जरूरी उपकरणों से लैस दो वाहनों की भी व्यवस्था रहेगी। ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मियों को जैकेट दी जाएगी, जिससे भीड़ के बीच उनकी पहचान आसानी से हो सके।
दुकान लगाने वालों को लेना होगा अस्थायी कनेक्शन
एसबीपीडीसीएल के कार्यपालक अभियंता आजाद कुमार सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में बिजली लोड को देखते हुए पर्याप्त आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में व्यवधान न हो, इसके लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।
मेला क्षेत्र में दुकान लगाने वाले लोगों को अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए एसपीडीएल कार्यालय में आवेदन देना होगा। बिना कनेक्शन बिजली इस्तेमाल करने या ओवरलोड मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रेतशिला में भी अलग से निगरानी
प्रेतशिला क्षेत्र में तकनीकी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए अलग कंट्रोल रूम बनाया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि यहां बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
कंट्रोल रूम के जरिए शिकायत मिलते ही संबंधित तकनीकी टीम को सक्रिय किया जाएगा, ताकि पिंडदान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बिजली संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये हैं प्रमुख कंट्रोल रूम नंबर
- जिला कंट्रोल रूम, संवास सदन समिति: 9262398377
- प्रेतशिला कंट्रोल रूम: 7541814853
- सीताकुंड कंट्रोल रूम: 9262390731
बोले अधिकारीपितृपक्ष मेला को लेकर बिजली विभाग ने सभी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। मेला क्षेत्र में बिजली का लोड को देखते हुए पर्याप्त आपूर्ति मिलेगी। बिजली आपूर्ति में कहीं कोई व्यवधान नही होगी। जो लोग मेला क्षेत्र में अपनी दुकानें लगाएंगे। उन्हें एसपीडीएल कार्यालय में अस्थायी बिजली करने के लिए आवेदन देना होगा। बिना कनेक्शन और ओवर लोड पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।बिजली विभाग पूरी तरह से क्षेत्र को प्रकाशमय करने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। लोड से कहीं ज्यादा पर्याप्त बिजली आपूर्ति होगी।
आजाद कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता शहरी क्षेत्र,एसबीपीडीसीएलप्रेतशिला क्षेत्र में दुरूस्त की गई व्यवस्था
पितृपक्ष मेला में प्रेतशिला क्षेत्र में तकनीकी परेशानी को दूर करने के लिए कंट्रोल रूम खोला गया है। ताकि तकनीकी परेशानी को दूर किया जा सके।
विनाेद कुमार, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण,एसबीपीडीसीएल।
यह भी पढ़ें- एक मुट्ठी पिंड, अनंत मोक्ष की आस... गयाजी में इस बार 50 लाख श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद
यह भी पढ़ें- Gaya Pind Daan 2026: गया जी में पिंडदान कैसे करें? पूरी विधि, वेदियां; सामग्री, खर्च और जरूरी नियम
