Gaya News: इंडिगो विमान का पायलट बन आज गया आएंगे सांसद रूडी, विमान में होंगे कई पर्यटक, विशेषज्ञ और बुद्धिजीवी
इंडिगो का विमान लेकर एक बार फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजीव प्रताप रुडी दिल्ली से गया के लिए उड़ान भरेंगे। बतौर कैप्टन रुडी विमान उड़ा रहे होंगे और उनके साथ इस विमान में कई पर्यटक विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ और बुद्धिजीवी यात्रा करेंगे।
जागरण संवाददाता, बोधगया : इंडिगो का विमान लेकर एक बार फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजीव प्रताप रुडी दिल्ली से गया के लिए उड़ान भरेंगे। बतौर कैप्टन रुडी विमान उड़ा रहे होंगे और उनके साथ इस विमान में कई पर्यटक, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ और बुद्धिजीवी यात्रा करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रुडी शुक्रवार को इंडिगो के विमान को लेकर दिल्ली से उड़ान भरेंगे और गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे। जहां वो अपने साथ आए विशेषज्ञों के साथ ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले गया, बोधगया के पर्यटन को बढ़ाने पर विचार मंथन करेंगे।
सड़क मार्ग से औरंगाबाद जाएंगे
रूडी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि गया व बोधगया केवल बिहार ही नहीं बल्कि देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर महत्वपूर्ण पहचान रखता है। यह ऐतिहासिक ही नहीं धार्मिक रूप से अति महत्वपूर्ण है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने बोधगया हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया, जिससे बिहार में बौद्ध पर्यटन को नया आयाम मिला है। गया से रुडी सड़क मार्ग से औरंगाबाद जाएंगे। जहां एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें कि फ्लाइट उड़ाने वाले राजीव प्रताप रूडी सांसद होने के साथ-साथ प्रोफेशनल पायलट भी हैं। वे लाइसेंस धारक कमर्शियल पायलट हैं। इससे पहले वे कई बार फ्लाइट उड़ा चुके हैं।