गया नगर निगम सशक्त स्थायी समिति चुनाव: 17 पार्षद 'लापता', मेयर-डिप्टी मेयर के मतदान पर संशय
गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के चुनाव 17 अप्रैल को होने हैं। एक संभावित उम्मीदवार ने 17 वार्ड ...और पढ़ें

गया नगर निगम सशक्त स्थायी समिति चुनाव: 17 पार्षद 'लापता', मेयर-डिप्टी मेयर के मतदान पर संशय

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नीरज कुमार, गयाजी। गया नगर निगम में सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों का चुनाव 17 अप्रैल को होने वाला है। इस चुनाव में संभावित उम्मीदवारों ने वार्ड पार्षदों को लुभाने के लिए अपनी चालें चलनी शुरू कर दी हैं।
सूत्रों के अनुसार, एक संभावित उम्मीदवार ने 17 पार्षदों और उनके परिवार के सदस्यों को बिहार से बाहर भ्रमण पर ले गया है। यह उम्मीदवार पहले से ही गया नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति का सदस्य है और वर्तमान में भी अपनी स्थिति को मजबूत बनाए रखना चाहता है।
हालांकि, 17 पार्षदों के समर्थन से उसका खेल सफल होता नहीं दिख रहा है। गया नगर निगम में 53 पार्षद हैं, और सदस्य पद पर निर्वाचित होने के लिए 30 वार्ड पार्षदों का समर्थन आवश्यक है। ऐसे में केवल 17 वार्ड पार्षदों के सहारे संभावित उम्मीदवार का काम बनना मुश्किल है।
दूसरी ओर, सत्तारूढ़ दल भी जातिगत आधार पर वार्ड पार्षदों को अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रहा है। इस दल की बैठकें भी लगातार चल रही हैं, जो काफी गोपनीय हैं। इनकी रणनीति का खुलासा 15 अप्रैल को बिहार में बनने वाली नई सरकार के बाद किया जाएगा।
मेयर और डिप्टी मेयर के मतदान पर संशय
जानकारों का कहना है कि विभागीय पत्र में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव में केवल वार्ड पार्षदों को मतदाता सूची में शामिल किया गया है। ऐसे में गया नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर, जो सीधे जनता द्वारा चुने गए हैं, वार्ड पार्षद नहीं हैं। इस कारण मेयर और डिप्टी मेयर के मतदान करने पर संशय बना हुआ है।
नगर निगम के निर्वाची पदाधिकारी सह डीडीसी शैलेश कुमार दास ने बताया कि सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में वार्ड पार्षद मतदाता के रूप में भाग लेंगे, लेकिन मेयर और डिप्टी मेयर को मतदान करने के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। नगर आयुक्त अभिषेक पलसिया ने भी इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट आदेश नहीं मिलने की बात कही है।
कर्मियों की प्रतिनियुक्ति और तैयारी
निर्वाची पदाधिकारी सह डीडीसी शैलेश कुमार दास ने बताया कि 17 अप्रैल को डीआरडीए भवन में होने वाले नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के चुनाव के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। मतपेटी उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
