कोरोना को भगाने के लिए नगर निगम ने कसी कमर, गया के मेयर, डिप्टी मेयर कर रहे सैनिटाइजेशन
गया नगर निगम ने कोरोनावायरस की रोकथाम के लिए कई कार्ययोजना तैयार की है। इसकी शुुरुआत शुक्रवार को की गई। नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर ने पार्षदों के साथ मिलकर छिड़काव किया। कहा कि लोगों में जागरूकता बहुुत जरूरी है।
गया, जागरण संवाददाता। कोरोनावायरस (CoronaVirus) पूरी दुनिया में कहर बरपा रहा है। इससे गया शहर भी अछूता नहीं है। शहर में कोरोनावायरस के संक्रमण में लगातार वृद्धि हो रही है। राज्य में पटना के बाद संक्रमण के मामले में गया दूसरे स्थान पर है। ऐसे मेंं संक्रमण को रोकने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। निगम में कोरोनावायरस को देखते हुए कई कार्ययोजना तैयार की गई है।
मुख्य सड़क से लेकर मोहल्ले की गली तक में होगा छिड़काव
इसी क्रम में शुक्रवार को मेयर वीरेंद्र कुमार, डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ श्रीवास्तव समेत कई पार्षद सड़क पर उतरे। वायरस की रोकथाम के लिए छिड़काव किया। अभियान का शुभारंभ नगर निगम के स्टेशन रोड स्थित स्टोर से किया गया। शहर के विभिन्न वार्डों में घूम घूम कर घरों को सैनिटाइज करने के साथ कोरोनावायरस से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान में चल रहे हैं कई सैनिटाइजिंग वाहन
अभियान के तहत घरों के सैनिटाइज करने के लिए तीन वाहन चल रहे हैं। उनपर सैनिटाइजर मशीन लगा है। कोरोनावायरस के संक्रमण को नष्ट करने वाले केमिकल से किया जा रहा है। अभियान के तहत सबसे पहले मुख्य मार्गों पर स्थित घरों एवं दुकानों को सैनिटाइज किया जा रहा है। स्टेशन रोड, बाटा मोड़, स्वराजपुरी रोड, राय काशीनाथ मोड, कचहरी रोड, जीबी रोड आदि जगहों पर छिड़काव किया जाएगा।
मास्क का भी किया जाएगा वितरण
अभियान में स्लम क्षेत्रों में मासक का भी वितरण किया जाएगा। साथ ही गरीबों के बीच भी मास्क का वितरण किया जाएगा। साथ ही लोगों को कोरोनावायरस से बचने के लिए कई टिप्स दिए जाएंगे। मेयर और डिप्टी मेयर ने बताया कि लोगों का जागरूक होना बहुत जरूरी है। देा गज की दूरी, मास्क और सैनिटाइजर का हर हाल में ख्याल रखना पड़ेगा। साथ ही जिनमें कोई लक्षण दिख रहे हैं वे जांंच जरूर कराएं। सबके सहयोग से ही हम कोरोना की चेन तोड़ सकेंगे।