गया में 349 करोड़ के फ्लाईओवर का आधा से अधिक काम पूरा, सालों से जाम झेल रहे मानपुर के लोगों को मिलेगी राहत
मानपुर, गया में ₹349 करोड़ का एलिवेटेड फ्लाईओवर 50% से अधिक पूरा हो चुका है, जिससे वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों को 2028 तक राहत मिलने की उम्मीद है।

मानपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर। जागरण
HighLights
₹349 करोड़ का मानपुर एलिवेटेड फ्लाईओवर 50% पूर्ण।
वर्षों से जाम झेल रहे मानपुर निवासियों को मिलेगी राहत।
परियोजना 22 जुलाई 2028 तक पूरी होने का लक्ष्य।
संवाद सूत्र, मानपुर (गया)। मानपुर की सड़कों पर सफर करने वालों के लिए आने वाले दिन राहत भरे हो सकते हैं। वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को अब इससे छुटकारा मिलने की उम्मीद जगी है।
जगजीवन कॉलेज से मानपुर अबगिला तक बन रहा एलिवेटेड फ्लाईओवर आकार लेने लगा है। निर्माण कार्य में तेजी आई है और अब तक 50 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। पिलर निर्माण का काम भी आधे से ज्यादा हो गया है।
फ्लाईओवर तैयार होने के बाद मानपुर की व्यस्त सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने और आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
खासकर रोजाना कामकाज, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कार्यों के लिए इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को जाम में फंसने से राहत मिल सकती है।
वर्षों से जाम झेल रहे लोगों को अब दिखने लगी राहत की राह
मानपुर के स्थानीय निवासी राहुल देव पाठक बताते हैं कि यहां के लोग कई वर्षों से जाम की समस्या से परेशान हैं। व्यस्त सड़कों पर खासकर आवागमन के समय वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। उनका कहना है कि फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने से यातायात सुगम होगा।
लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। निर्माण कार्य में तेजी देखकर स्थानीय लोगों की उम्मीद बढ़ी है। राहुल देव पाठक को भरोसा है कि वर्ष 2028 तक पुल बनकर तैयार हो जाएगा।
349 करोड़ रुपये से बन रहा दो लेन का एलिवेटेड फ्लाईओवर
बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से यूआइडीएफ परियोजना के तहत 349.22 करोड़ रुपये की लागत से इस फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है।
जगजीवन कॉलेज से मानपुर अबगिला तक दो लेन का एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। परियोजना में मानपुर गोलंबर से सूर्यदेव नगर और गोलंबर से मानपुर फल्गु पुल तक सड़क का उन्नयन भी शामिल है।
निर्माण कार्य 20 जनवरी 2026 को शुरू हुआ था। परियोजना को 22 जुलाई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निर्माण एजेंसी की ओर से फ्लाईओवर के पिलर बनाने के साथ स्लिप लगाने का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। अब तक कुल निर्माण कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूरा होने की जानकारी दी गई है।
परियोजना निर्धारित समय पर पूरी होती है तो वर्ष 2028 में मानपुर के लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।