विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

300 करोड़ से संवर रहा गया जंक्शन, लेकिन प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्री बेहाल; FOB निर्माण पर आया अपडेट

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:44 AM (IST)

गया जंक्शन पर 300 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय स्टेशन का निर्माण हो रहा है, लेकिन प्लेटफॉर्म नंबर एक पर यात्री सुविधाओं की कमी और पुराने फुटओवरब्रिज के टूटने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। 

गया जंक्‍शन पर दूर होगी यात्र‍ियों की समस्‍या। फाइल

गया जंक्‍शन पर दूर होगी यात्र‍ियों की समस्‍या। फाइल

HighLights

  1. गया जंक्शन पर 300 करोड़ का विश्वस्तरीय विकास कार्य जारी।

  2. प्लेटफॉर्म एक पर यात्री शेड, फुटओवरब्रिज की कमी से परेशानी।

  3. दिसंबर में नए फुटओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन को करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने का काम पिछले तीन-चार वर्षों से चल रहा है।

स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना के बीच प्लेटफार्म नंबर एक की स्थिति यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

यहां यात्री शेड सहित कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। वहीं, प्लेटफार्म नंबर एक से दूसरे प्लेटफार्मों पर जाने के लिए पुराने फुटओवरब्रिज को तोड़े कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन नया ब्रिज अब तक नहीं बन पाया है।

हालांकि, अब इसके निर्माण की उम्मीद जगी है। गया स्टेशन डेवलपमेंट के एईएन हरगोविंद राय ने बताया कि फुटओवरब्रिज का डिजाइन स्वीकृत हो गया है और दिसंबर में निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।

एईएन हरगोविंद राय के अनुसार, फुटओवरब्रिज निर्माण के लिए रेलवे की ओर से आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। इसके निर्माण के लिए डीडीयू मंडल से ब्लॉक लिया जाना है।

मंडल स्तर पर ब्लॉक की तिथि निर्धारित होने के बाद काम शुरू किया जाएगा। रेलवे की ओर से दिसंबर में निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की गई है। 

पुराना ब्रिज टूटने से यात्रियों को परेशानी

गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक से दो, तीन, चार और पांच की ओर जाने वाला पुराना फुटओवरब्रिज तोड़ दिया गया है। इसके बाद से यात्रियों को दूसरे प्लेटफार्मों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

खासकर बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को अधिक दिक्कत होती है। ट्रेन छूटने की आशंका में यात्रियों को जल्दबाजी में दूसरे रास्तों से प्लेटफार्म तक पहुंचना पड़ता है।

पुराने ब्रिज को तोड़ते समय जल्द नया फुटओवरब्रिज बनाने की बात कही गई थी, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बनी हुई है।

प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्री शेड का भी इंतजार

प्लेटफार्म नंबर एक गया जंक्शन का महत्वपूर्ण प्लेटफार्म है। यहां राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत सहित कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें आती-जाती हैं।

इसके बावजूद यात्रियों के लिए पर्याप्त शेड और बैठने की सुविधा नहीं है। ट्रेन के इंतजार में यात्रियों को खुले प्लेटफार्म पर समय बिताना पड़ता है।

गर्मी, ठंड और बरसात के मौसम में यह परेशानी और बढ़ जाती है। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से कठिनाई होती है। निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफार्म की सतह भी कई जगह प्रभावित है, जिससे यात्रियों को चलने में परेशानी होती है।

विश्वस्तरीय स्टेशन के साथ वर्तमान सुविधाओं पर भी ध्यान जरूरी

करीब 300 करोड़ रुपये की परियोजना से गया जंक्शन को आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी है। लेकिन स्टेशन का विकास केवल भवन और नई संरचनाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए।

निर्माण अवधि में भी यात्रियों को सुरक्षित आवागमन, बैठने और मौसम से बचाव की सुविधा मिलनी चाहिए। फुटओवरब्रिज का निर्माण दिसंबर में शुरू करने की तैयारी के साथ रेलवे को प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्री शेड और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करने की दिशा में भी पहल करनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।