गया जंक्शन पर ऊपर ही ऊपर प्लेटफार्म बदल सकेंगे यात्री, आखिर कब शुरू होगा एयर कॉनकोर्स का काम?
गया जंक्शन पर विश्वस्तरीय एयर कॉनकोर्स का निर्माण एक साल से रुका हुआ है। डिजाइन की स्वीकृति और विभागीय अनुमति लंबित होने के कारण परियोजना में देरी हो रही है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है।

गया जंक्शन पर एयर कॉर्नकोर्स निर्माण के लिए पाया बनकर तैयार। जागरण
HighLights
एयर कॉनकोर्स निर्माण एक साल से ठप पड़ा है।
डिजाइन स्वीकृति और विभागीय अनुमति लंबित होने से देरी।
यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में सुविधा मिलेगी इससे।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना के तहत प्लेटफाॅर्म नंबर एक से छह-सात तक एयर काॅनकोर्स का निर्माण किया जाना है।
इससे यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफाॅर्म पर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। लेकिन इस महत्वाकांक्षी योजना का काम अब तक आगे नहीं बढ़ पाया है।
करीब एक वर्ष पूर्व एयर काॅनकोर्स के लिए पाया खड़ा किया गया था, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य ठप है। अब तक डिजाइन को स्वीकृति नहीं मिली है।
डिजाइन को नहीं मिली है स्वीकृति
डिवीजन से विभागीय अनुमति लंबित रहने के कारण परियोजना की गति प्रभावित हो रही है। गया स्टेशन डेवलपमेंट के एईएन हरगोविंद राय के अनुसार, एयर कॉनकोर्स के निर्माण की तैयारी चल रही है।
इसके लिए डिजाइन को अभी स्वीकृति नहीं मिली है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए डीडीयू मंडल से विभागीय अनुमति के साथ मेगा ब्लाॅक लेना भी जरूरी है।
इसके बिना प्लेटफाॅर्मों के ऊपर निर्माण कार्य कराना संभव नहीं है। रेलवे स्तर पर इस दिशा में प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि वर्ष 2027 में एयर काॅनकोर्स का निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
प्लेटफाॅर्म बदलने में मिलेगी राहत
एयर कानकोर्स बनने से यात्रियों को प्लेटफाॅर्म बदलने के लिए नीचे से होकर लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। खासकर बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
गया जंक्शन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में प्लेटफार्म एक से छह-सात तक एयर कानकोर्स बनने से आवागमन व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
पाया खड़ा, लेकिन काम का इंतजार
करीब एक वर्ष पहले निर्माण स्थल पर पाया खड़ा किया गया था। इससे यात्रियों को लगा था कि जल्द ही एयर काॅनकोर्स का काम गति पकड़ेगा, लेकिन अब तक आगे का निर्माण शुरू नहीं हुआ है।
करीब 300 करोड़ रुपये की स्टेशन पुनर्विकास योजना में एयर कानकोर्स महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में डिजाइन की स्वीकृति, विभागीय अनुमति और मेगा ब्लाक की प्रक्रिया जल्द पूरी करना जरूरी है, ताकि परियोजना का काम आगे बढ़ सके।