गयाजी में 20 नवंबर को लगेगा रोजगार कैंप, 200 पदों पर होगी भर्ती; ₹23000 तक मिलेगी सैलरी
गयाजी में 20 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गुजरात की वीजी गी ऑटो कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड 200 पदों पर भर्ती करेगी।

गयाजी में 20 नवंबर को लगेगा रोजगार कैंप (AI Generated Image)
HighLights
गया में 20 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार कैंप।
गुजरात की कंपनी 200 पदों पर करेगी योग्य अभ्यर्थियों का चयन।
12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा पास युवा कर सकते हैं आवेदन।
जागरण संवाददाता, गयाजी। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। गयाजी में 20 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें गुजरात की कंपनी वीजी गी ऑटो कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 200 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
कैंप का आयोजन बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया की ओर से किया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कैंप में पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
पांच तरह के पदों पर होगी बहाली:
कंपनी में मशीन आपरेटर, क्वालिटी, हेल्पर, एमआईजी वेल्डर और प्रेस ऑपरेटर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए 12वीं, आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 20,644 से 23,294 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पीएफ, ईएसआईसी, बस, कैंटीन और मेडिकल की सुविधा भी मिलेगी। चयनित अभ्यर्थियों को गुजरात में कार्य करना होगा।
बोधगया रोड स्थित आईटीआई में लगेगा कैंप:
रोजगार कैंप का आयोजन मां मंगला प्राइवेट आईटीआई, घुघरीटांड़, बाईपास, बोधगया रोड, गया में किया जाएगा। नियोजनालय की ओर से अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रमाणपत्र और शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ पहुंचने की सलाह दी गई है।
पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य, प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क:
सहायक निदेशक (नियोजन), अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया की ओर से जारी सूचना के अनुसार, चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का नेशनल करियर सर्विस (एनसीएस) पोर्टल और बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य है।
जॉब कैंप में चयन से संबंधित पूरी प्रक्रिया निशुल्क रखी गई है। किसी भी अभ्यर्थी से आवेदन या चयन के नाम पर शुल्क नहीं लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।