पारो, यंगून और बैंकॉक से सीधा जुड़ेगा गयाजी, थाई एयरवेज और एयर एशिया की उड़ानें शुरू
गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं की शुरुआत हो गई है, जिसमें थाई एयरवेज, थाई एयर एशिया और इंडिगो की बैंकाक उड़ानें शामिल हैं।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हुईं शुरू।
थाई एयरवेज, इंडिगो, भूटान एयरलाइंस की सेवाएं।
बोधगया पर्यटन और बौद्ध श्रद्धालुओं को लाभ।
संवाद सूत्र, बोधगया। गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं की शुरुआत हो गया है। बौद्ध पर्यटकों के आगमन के प्रमुख सीजन विंटर शेड्यूल को देखते हुए विमानन कंपनियों ने अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं।
रविवार से थाई एयरवेज और थाई एयर एशिया की उड़ानें शुरू हो गई हैं। वहीं, सोमवार से इंडिगो की बैंकाक सेवा शुरू होने जा रही है।
इसके अलावा भूटान एयरलाइंस 28 अक्टूबर से पारो-गयाजी मार्ग पर उड़ान सेवा शुरू करेगी, जबकि डुक एयर की उड़ानें भी जल्द संचालित होने की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बढ़ती संख्या से बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी।
पहली बार बैंकॉक के लिए उड़ान भरेगा इंडिगो
गयाजी एयरपोर्ट से पहली बार इंडिगो बैंकाक के लिए अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू करने जा रहा है। सोमवार से शुरू होने वाली यह सेवा गया और थाईलैंड की राजधानी बैंकाक के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, इंडिगो का विमान सप्ताह में दो दिन, सोमवार और गुरुवार को उड़ान भरेगा। इससे थाईलैंड के पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं को बोधगया पहुंचने में सहूलियत होगी। वहीं, बिहार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी बैंकाक की यात्रा आसान होने की उम्मीद है।
छह अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों की मिलेगी सेवा
विंटर सीजन में गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में कई विमानन कंपनियां अपनी सेवाएं दे रही हैं।
इनमें थाई एयरवेज, थाई एयर एशिया, इंडिगो, म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल, म्यांमार नेशनल एयरलाइंस और भूटान एयरलाइंस शामिल हैं। इन सेवाओं के माध्यम से बैंकाक यंगून और पारो जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए हवाई संपर्क उपलब्ध होगा।
रविवार को थाई एयरवेज और थाई एयर एशिया के विमान बैंकाक से यात्रियों को लेकर गयाजी एयरपोर्ट पहुंचे। इन उड़ानों के शुरू होने से बोधगया में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।
बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए विशेष महत्व रखने वाले बोधगया में 26 अक्टूबर से 27 मार्च 2027 तक पर्यटन का प्रमुख सीजन रहता है। इस दौरान थाईलैंड, म्यांमार, भूटान सहित विभिन्न देशों से बड़ी संख्या में पर्यटक और बौद्ध श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
गयाजी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए एयर इंडिया की सेवा भी शुरू
गयाजी एयरपोर्ट से घरेलू हवाई संपर्क में भी विस्तार हुआ है। दिल्ली-गया मार्ग पर एयर इंडिया की उड़ान सेवा शुरू हो गई है।
यह विमान सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा। इससे दिल्ली से गया और बोधगया आने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ नियमित घरेलू सेवा उपलब्ध होने से पर्यटकों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सहूलियत होगी।
गयाजी एयरपोर्ट से पारो के लिए भी बढ़ेगी हवाई कनेक्टिविटी
भूटान के पारो से गयाजी के बीच हवाई संपर्क को बेहतर बनाने के लिए भी उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। भूटान एयरलाइंस की सेवा 28 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
वहीं, डुक एयर की उड़ानों शेड्यूल के अनुसार, पारो-गयाजी-पारो सेवा 1 फरवरी 2027 से शुरू होने वाली है, जो सोमवार और शुक्रवार को संचालित होगी।
विंटर सीजन में गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार बोधगया के पर्यटन कारोबार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीधी विमान सेवाओं की उपलब्धता से विदेशी पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं को यात्रा में सहूलियत मिलने के साथ होटल, गेस्ट हाउस, ट्रैवल एजेंसियों और स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बोधगया में बीआईएमसीजीएल के लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान घोषणा किया था कि गयाजी एयरपोर्ट से कमोडिया और नेपाल की हवाई सेवा की जल्द ही शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि घरेलू विमान को भी अन्य पर्यटक शहरों से जोड़ने की बात कही है।
गयाजी एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि एयर इंडिया की दिल्ली से गया जी करीब 100 यात्रियों का आगमन हुआ, और 78 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
जबकि दूसरी एयर इंडिया की विमान से 99 यात्री आए और 46 यात्रियों को लेकर विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरी। वहीं म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल से 167 यात्री आए और 47 यात्री वापस गए, थाई एयरवेज से 156 यात्री गयाजी एयरपोर्ट पहुंचे और 81 यात्री को लेकर बैंकाक के लिए यही विमान रवाना हुई।
वहीं, थाई एयरवेज 156 यात्री को लेकर गया जी एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वर्चुअल माध्यम से इंडिगो के विमान का सोमवार को शुरुआत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- विंटर सीजन में गयाजी एयरपोर्ट पर बढ़ी हलचल, भारी संख्या में हो रही विदेशी पर्यटकों की आवाजाही
