गया सोना लूट कांड: थानाध्यक्ष और सिपाही ही थे मास्टरमाइंड; SIT ने किया बड़ा खुलासा
गया सोना लूट मामले में रेल मुख्यालय, पटना के डीएसपी भास्कर रंजन ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में पता चला कि इस साजिश में तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह और चार सिपाही शामिल थे। एसआईटी ने थानाध्यक्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। मोहित अग्रवाल नामक जौहरी से 41.75 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिसने 98 ग्राम सोना 11.28 लाख रुपये में खरीदा था। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते रेल मुख्यालय डीएसपी भास्कर रंजन व मुंह ढंके मोहित अग्रवाल। जागरण
HighLights
तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष और चार सिपाही थे शामिल।
एसआईटी ने थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को किया गिरफ्तार।
जौहरी मोहित अग्रवाल से 41.75 ग्राम सोना बरामद।
जागरण संवाददाता, गया। रेल थाना गया से जुड़े बहुचर्चित सोना लूट मामले में मंगलवार देर शाम गया जंक्शन स्थित राजकीय रेल थाना में रेल मुख्यालय, पटना के डीएसपी भास्कर रंजन ने प्रेस वार्ता कर सनसनीखेज खुलासा किया।
डीएसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस महकमे के अंदर ही साजिश रची गई थी, जिसमें तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष, चार सिपाही और दो अन्य लोग शामिल थे।
न्होंने कहा कि 21 नवंबर 2025 को मानपुर के समीप गोल्ड कुरियर धनंजय शास्वत से सोना लूट की गई थी। इस मामले में 29 नवंबर 2025 को रेल थाना गया में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर 30 दिसंबर 2025 को रेल डीएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
इसके बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष और चार फरार सिपाहियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 31 दिसंबर 2025 को तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
डीएसपी ने आगे बताया कि एसआईटी की जांच में पता चला कि लूटे गए सोने को विनोद कुमार ने मात्र 1,500 रुपए में चाकंद थाना क्षेत्र स्थित परवेज आलम के आइसोरो प्लांट में काटा था।
इसी क्रम में गयाजी के टावर चौक सराफा बाजार स्थित गोल्ड हाउस स्वर्णाभूषण दुकान के संचालक मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू की भूमिका सामने आई।
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में मोहित अग्रवाल ने स्वीकार किया कि तत्कालीन थानाध्यक्ष ने उसे अपने आवास पर बुलाया था, जहां परवेज आलम पहले से मौजूद था।
वहां उसे 98 ग्राम सोना बेचा गया, जिसके लिए बाजार दर के अनुसार 11 लाख 28 हजार रुपये का भुगतान किया गया। मोहित अग्रवाल के घर से एसआईटी ने छापेमारी कर 41.75 ग्राम सोना बरामद किया। शेष सोना आभूषण बनाकर बेच दिया गया।
डीएसपी ने बताया कि मोहित अग्रवाल को अभियुक्त मानते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और बचे सोने की बरामदगी के लिए एसआईटी की छापेमारी लगातार जारी है।