यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gaya Accident: छड़ लदा ट्रैक्टर पलटने से तीन मजदूरों की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल; MMCH किया रेफर
थाना क्षेत्र के गया-डोभी रोड पर शनिवार को पिपरा बजौरा के पास छड़ लेकर गया जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ट्रैक्टर पर लदे छड़ पर बैठे तीन मजदूरों की दबने से मौत हो गई।

डोभी, संवाद सूत्र: थाना क्षेत्र के गया-डोभी रोड पर शनिवार को पिपरा बजौरा के पास छड़ लेकर गया जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ट्रैक्टर पर लदे छड़ पर बैठे तीन मजदूरों की दबने से मौत हो गई। जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को MMCH किया गया रेफर
घटना स्थल के पास मौजूद अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करमौनी के कर्मी और अन्य ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को छड़ के नीचे से निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ चंद्रकांत यादव ने बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कालेज सह अस्पताल गया रेफर कर दिया।
गया पहुंचानी थी छड़, थोड़ी दूरी पर हुआ हादसा
हादसे में घायल खरांटी गांव के विकास कुमार (18 वर्ष) और सुजीत कुमार(18 वर्ष) ने बताया कि पिपरा बजौरा के पास टॉवर कंपनी का स्टॉक है, जहां से छह टन छड़ लेकर गया के लिए निकले थे। गया में बिजली का टॉवर खड़ा किया जा रहा है, जहां उन्हें पहुंचना था। इसी बीच स्टॉक से कुछ दूरी पर ही अचानक ट्रैक्टर पलट गया, जिसमें मगध यूनिवर्सिटी थाना के खरांटी गांव का सन्नी कुमार (18 वर्ष) अर्जुन कुमार( 18 वर्ष) और बोधगया थाना क्षेत्र के बेलाही गांव का अर्जुन यादव (50 वर्ष) दब गये।
मृतक के परिजनों ने की मुआवजे की मांग
डोभी थाने के एएसआई सौरव कुमार अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ट्रैक्टर और छड़ को जेसीबी के माध्यम से सड़क से हटाया गया। इस दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। वहीं, मृतक के परिजनों ने घटनास्थल पर मुआवजा की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
मजदूर के पैकेट से छड़ का चालान बरामद किया गया है, जिस पर बजाज इलेक्ट्रिकल लिमिटेड के नाम से अशोक महतो की मांग पर दिखाया गया है। यह छड़ 132 केवी के बिजली के टॉवर के फाउंडेशन बनाने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मृतक मजदूरों के शव को कब्जे में लिया है।