गया एयरपोर्ट बना ड्रग तस्करी का ट्रांजिट पॉइंट, 5 करोड़ का विदेशी गांजा जब्त; अब तक 57 किलो की खेप बरामद
गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा ड्रग तस्करी का केंद्र बन गया है। थाईलैंड से आने वाली उड़ानों से लगातार मादक पदार्थ बरामद हो रहे हैं।

गया एयरपोर्ट

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बोधगया। गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इन दिनों अंतरराष्ट्रीय तस्करों के निशाने पर है। पिछले कुछ महीनों में यहां मादक पदार्थों की लगातार बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि हर बार सुरक्षा बलों की सतर्कता से तस्करों के मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पर्यटक सीजन के दौरान थाईलैंड से आने वाली फ्लाइट्स के जरिए तस्करी की घटनाएं बढ़ी हैं। अब तक पांच अलग-अलग मामलों में हाइड्रोपोनिक बीड्स और विदेशी गांजा की बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी है।
10 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक बीड्स बरामद
पहले मामले में 10 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक बीड्स बरामद किए गए थे। इसके बाद दूसरे मामले में 25 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक बीड्स के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें गाजियाबाद, बुलंदशहर, पंजाब और लुधियाना के आरोपित शामिल थे। तीसरे मामले में 17 किलोग्राम, जबकि चौथे मामले में 5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक बीड्स बरामद किए गए।
ताजा मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोरखपुर निवासी 21 वर्षीय युवक विशाल ओझा को पांच किलोग्राम विदेशी गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित बैंकाक से थाई एयर एशिया की फ्लाइट से गया पहुंचा था और गोरखपुर जाने की तैयारी में था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच करोड़
बताया जाता है कि आरोपित ने अपने बैग के अंदर विशेष रूप से एक अलग लेयर बनाकर चार पैकेटों में गांजा छिपाया था, ताकि वह सामान्य जांच से बच सके। लेकिन लगेज स्कैनिंग के दौरान सुरक्षा कर्मियों को संदेह हुआ। गहन जांच में बैग से पांच किलोग्राम गांजा बरामद कर लिया गया।
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई है। इस घटना के बाद एजेंसियां यह आशंका जता रही हैं कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
कुल 57 किलोग्राम की बरामदगी
अब तक हाइड्रोपोनिक बीड्स के कुल 57 किलोग्राम की बरामदगी हो चुकी है और इस मामले में 10 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपित थाईलैंड से आने वाली उड़ानों के जरिए तस्करी करते पाए गए हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर रही हैं और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।
