विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से पहले गयाजी एयरपोर्ट की सुरक्षा पर सवाल, एयर सिग्नल लाइट 10 दिनों से बंद

Published: Sat, 22 Aug 2026 09:18 PM (IST)

गयाजी एयरपोर्ट पर डूंगेश्वरी पहाड़ पर लगी एयर सिग्नल लाइट के उपकरण चोरी हो गए हैं, जिससे यह लाइट 10 दिनों से बंद है और हवाई सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। 

गयाजी एयरपोर्ट। (जागरण)

गयाजी एयरपोर्ट। (जागरण)

HighLights

  1. डूंगेश्वरी पहाड़ से एयर सिग्नल लाइट के उपकरण चोरी।

  2. सिग्नल लाइट 10 दिनों से बंद, हवाई सुरक्षा पर सवाल।

  3. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से पहले सुरक्षा बहाली बड़ी चुनौती।

संवाद सूत्र, बोधगया। गयाजी एयरपोर्ट की हवाई सुरक्षा व्यवस्था को चोरों ने निशाना बनाया है। डूंगेश्वरी पहाड़ पर विमान संचालन में सहायक एयर सिग्नल लाइट की बैटरी, इनवर्टर और चार्जिंग प्लेट चोरी हुए करीब 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक न तो चोरी गए उपकरण बरामद हो सके हैं और न ही सिग्नल लाइट की व्यवस्था बहाल की गई है, जिसके कारण लगभग 10 दिनों से एयर सिंगनल लाइट बंद पड़ी है।

इससे कम दृश्यता के दौरान विमान संचालन को लेकर चिंता बढ़ गई है। 10 दिन पूर्व चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद बोधगया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच-पड़ताल की थी।

एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से भी मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बावजूद अब तक पुलिस को चोरी के मामले में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

गयाजी एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट प्रशासन ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की है। करीब एक सप्ताह पूर्व बोधगया एसडीपीओ ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की थी। उन्होंने बताया कि फिलहाल चोरी हुई बैटरी और इनवर्टर का पता नहीं चल सका है।

अक्टूबर से शुरू होनी हैं अंतर्राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

गौरतलब है कि अक्टूबर महीने से गया जी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू होने की तैयारी है। ऐसे में डूंगेश्वरी पहाड़ पर लगी एयर सिग्नल लाइट का बंद रहना सुरक्षा की दृष्टि से सही नहीं माना जा रहा है। विशेषकर शाम, रात और कम दृश्यता की स्थिति में यह सिग्नल लाइट विमान संचालन में सहायक होती है।

एक के बाद एक पहाड़ियों से उपकरण चोरी

कुछ महीने पहले ब्रह्मयोनि और प्रेतशिला पहाड़ियों पर लगी एयर सिग्नल लाइटों से भी बैटरी समेत अन्य उपकरण चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने गया जी एयरपोर्ट से जुड़ी हवाई सुरक्षा व्यवस्था और पहाड़ी क्षेत्रों में लगाए गए महत्वपूर्ण उपकरणों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन से पहले एयर सिग्नल लाइटों की व्यवस्था को जल्द बहाल करना एयरपोर्ट प्रशासन के लिए अहम चुनौती बन गया है।

एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार ढ़ुंगेश्वरी पहाड़ पर एयर सिगनल लाइट की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग की गई है, ताकि रात के अंधेरे में भी सिगनल लाइट की उपकरण सुरक्षित रह सके।

यह भी पढ़ें- गयाजी-बोधगया और नालंदा-राजगीर का होगा कायाकल्प, 2130 करोड़ का डेवलपमेंट प्लान तैयार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।