जानिए इस शातिर कुत्ते की करतूत, सीसीटीवी पर पुलिस ने देखा, फिर...
एक लाल रंग के कुत्ते ने पुलिस की नाक में दम कर रखा था। उसकी वजह से दो समुदाय आपस में भिड़े, जुलूस निकाला। जब सीसीटीवी खंगाली गई तो पता चला इसकी वजह तो लाल कुत्ता है।
गया [जेएनएन]। शहर में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वाले लाल रंग के एक कुत्ते को पकडऩे में पुलिस शुक्रवार को दिन भर हांफती रही।
दरअसल, मांस के एक टुकड़े के कारण शहर का माहौल बिगड़ गया। लोगों ने मशाल जुलूस निकाला और बाजार बंद भी कराया। पिछले तीन दिनों से मांस के टुकड़े को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सीसीटीवी फुटेज में यह दिखा कि बकरीद के दिन से लेकर शहर में बंदी तक मंदिर के आसपास मांस का टुकड़ा लाकर रखने वाला वही लाल रंग का कुत्ता था।
हालांकि, बकरीद के दिन छावनी मोहल्ले में एक मंदिर के पास सड़क पर से मांस के टुकड़े के संबंध में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह कहां से और कौन लाया। लेकिन दूसरे दिन गुरुवार को जब सड़क पर फिर मांस का टुकड़ा पाया गया तो सीसीटीवी फुटेज में लाल रंग का एक कुत्ता नजर आया।
फिर तीसरे दिन शुक्रवार को कुछ लोगों ने उसी कुत्ते को प्रत्यक्ष तौर पर मांस का टुकड़ा लाते देखा। लोगों ने उसे पकडऩे का प्रयास किया, पर वह भाग गया। बस, इसी के बाद पुलिस उसे पकडऩे की मुहिम में जुट गई। सड़क पर लगातार मांस का टुकड़ा पाए जाने से पुलिस ने उस कुत्ते को पकडऩे के लिए रस्सी, बोरा आदि की भी खरीदारी की।
शुक्रवार को पुलिस का एक दल उसकी टोह में लगा रहा, हालांकि इस संबंध में पुलिस ने स्पष्ट कुछ नहीं बताया। वहीं, सूत्रों की मानें तो उस कुत्ते को पकड़ लिया गया है। उसे शहर से काफी दूर ले जाकर छोड़ दिया गया है।