विवाह पंचमी पर भगवान राम का विवाह देखने उमड़ी भक्तों की भीड़, मंगल गीतों से गूंजता रहा इलाका
वारिसलीगंज के श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मकनपुर में मंगल गीत के साथ भगवान श्रीराम की बरात निकली। विधि-विधान से उनका विवाह संपन्न कराया गया। डीजे की धुन तथा ट्रैक्टर पर भगवान श्रीराम-माता जानकी की झांकी ने गांव का भ्रमण किया। फ़ोटो- श्रीराम विवाहोत्सव पर मकनपुर गांव में निकाली गई झांकी
संवाद सूत्र,वारिसलीगंज (नवादा)। चलु सखी मिल के जनक जी के अंगना, दूल्हा बनल श्रीराम हे... शनिवार की रात वारिसलीगंज प्रखंड के मकनपुर गांव स्थित श्रीराम जानकी ठाकुरवाड़ी में जब महिलाओं ने यह मंगल गीत गाया तो माहौल भक्तिमय हो गया। विवाह पंचमी पर सभी भगवान राम-जानकी की भक्ति में लीन होकर झूमने लगे। मौका था भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह का। वैदिक मंत्रोंच्चारण के साथ संपन्न हुआ। इसका आयोजन श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी प्रबंधकारिणी समिति द्वारा आयोजित किया गया था।
विवाह पंचमी पर की गई ठाकुरबाड़ी की आकर्षक सजावट
वर पक्ष से ठाकुरवाड़ी के महंत श्री सीताराम दास जी महाराज एवं वधु पक्ष से ग्रामीण युवाओं की टीम शामिल थी। मंत्रोच्चारण के साथ प्रमोद झा, मणिलाल पाठक एवं योगेंद्र पाण्डेय ने विवाह का कार्यक्रम संपन्न करवाया।भगवान श्रीराम के साथ चारों भाइयों को सुंदर एवं आकर्षक रूप में विराजमान करवाया गया था। हिन्दू रीतिरिवाज के अनुसार चारों भाइओं का विवाह कराया गया। इसको लेकर ठाकुरबाड़ी को आकर्षक तरीके से सजाया संवारा गया। साथ ही ठाकुरबाड़ी परिसर स्थित शिव मंदिर, हनुमान मंदिर को पूरी तरह से रंग बिरंगे बल्बों एवं फूलों से सजाया गया था।
श्रीराम की बरात में झूमते रहे लोग
शाम होते ही श्रद्धालु ठाकुरबाड़ी परिसर में पहुंचने लगे थे। देखते-देखते पूरा ठाकुरवाड़ी परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। संगत पर मुहल्ले से श्रीराम समेत चारो भाइयों की धूमधाम से बरात निकाली गई। एक ट्रैक्टर पर गांव के बच्चों को श्रीराम जानकी और लक्ष्मण तथा हनुमान के रूप में सजाकर बिठाया गया था। डीजे की धुन पर थिरकती युवाओ की टोली पूरा गांव भ्रमण करते हुए ठाकुरवाड़ी पहुंची। वहां सभी राम विवाहोत्सव में शामिल हुए। मौके पर महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक देखी गई। महिलाएं भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह गीत जा रही थीं। विवाह संपन्न होने के बाद रंग बिरंगे पटाखों से पूरा मकनपुर गांव गूंज रहा था। खुशी के साथ ही एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिल रहे थे। कार्यक्रम में ठाकुरबाड़ी विकास समिति के कुमार नटराजन, सदस्य अनुपम शेखर, राधेश्याम कुमार,सर्वेश उर्फ बब्लू कुमार, सुधीर सिंह, बिक्की कुमार, शेखर कुमार, बुधन यादव, सुबोध कुमार, रतन कुमार, नित्यानंद सिंह, हरेराम, बंटू कुमार समेत अन्य ग्रामीण लोगों द्वारा अहम सहयोग किया गया। कार्यक्रम के अंत में ठाकुरवाड़ी परिसर में भंडारा का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किए।