कैमूर में 30 लाख से बन रहा महिला सशक्तीकरण भवन, सरकार की योजनाओं की मिलेगी जानकारी
कैमूर के समाहरणालय परिसर में महिला सशक्तीकरण भवन का निर्माण कराया जा रहा है। भारत सरकार के महिला विकास निगम की ओर से इसके लिए 30 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।
जासं, भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले में भारत सरकार के महिला विकास निगम (Women Development Corporation) की ओर से महिला सशक्तीकरण भवन निर्माण कराया जा रहा है। भवन निर्माण को लेकर मंगलवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आइसीडीएस सरिता कुमारी ने भूमि पूजन किया। इस मौके पर भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारी, महिला हेल्पलाइन की परियोजना पदाधिकारी विनीता गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे। इस भवन में महिलाओं को सरकार की योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
30 लाख रुपये से कराया जा रहा निर्माण
महिला सशक्तिकरण भवन निर्माण के संबंध में जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी ने बताया कि महिला विकास निगम की ओर से महिला सशक्तीकरण भवन निर्माण के लिए लगभग 30 लाख की राशि आवंटित की गई है। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण करने की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है। भवन के निर्माण कार्य की अवधि तीन माह निश्चित की गई है।
समाहरणालय परिसर में बन रहा है भवन
उन्होंने बताया कि महिला सशक्तीकरण भवन में महिला हेल्पलाइन के अलावा अस्थाई तौर पर वन स्टॉप सेंटर भी संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भवन में केंद्र व राज्य सरकार की ऐसी योजनाएं जो महिलाओं के लिए संचालित की गई हैं उन योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। भूमि पूजन के मौके पर गुड्डू शर्मा सहित आइसीडीएस विभाग व महिला हेल्पलाइन की महिला कर्मी मौजूद थे। बता दें कि महिला सशक्तिकरण भवन का निर्माण समाहरणालय परिसर स्थित पुराने ट्रेजरी भवन के पीछे कराया जा रहा है। भूमि पूजन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।