विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gaya News: महादेव घाट पर गंदगी का अंबार, नाले के पानी से होकर गुजरेंगे छठव्रती

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:57 PM (IST)

महापर्व छठ 2026 की तैयारियों के बीच गया के महादेव घाट पर गंदगी और नाले के पानी की समस्या गंभीर ...और पढ़ें

महादेव घाट पर गंदगी का अंबार, नाले के पानी से होकर गुजरेंगे छठव्रती

महादेव घाट पर गंदगी का अंबार, नाले के पानी से होकर गुजरेंगे छठव्रती

HighLights

  1. महादेव घाट पर गंदगी और नाले का पानी फैला हुआ।

  2. छठव्रतियों को आधा किलोमीटर रेत पर चलना होगा।

  3. निगम ने अस्थायी पुलिया बनाने का दावा किया है।

जागरण संवाददाता, गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी। छठ व्रतियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने फल्गु नदी सहित शहर में 31 घाटों को चिह्नित किया है।

सभी घाटों पर साफ-सफाई और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है, लेकिन फल्गु नदी स्थित महादेव घाट की स्थिति इसके उलट है। यहां गंदगी का अंबार लगा है। घाट के समीप से गुजरने वाला बाटम नाला सीधे नदी में गिर रहा है।

नाले का गंदा पानी और कीचड़ घाट पर फैलने से दुर्गंध निकल रही है। ऐसे में छठ व्रतियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। नाले के पानी को रोकने के लिए नगर निगम की ओर से प्रयास किया जा रहा है, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल रही है।

स्थिति यह है कि नाले से निकलने वाली बदबू के कारण घाट पर खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि छठ महापर्व से पहले घाट की पूरी तरह सफाई और नाले के पानी को रोकने की व्यवस्था कैसे होगी।

खटाल में तब्दील हो गया महादेव घाट

महादेव घाट पर छठ के अवसर पर शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसके बावजूद घाट की स्थिति दयनीय बनी हुई है।

आसपास के लोग अपने मवेशियों को दिनभर नदी किनारे बांधकर छोड़ देते हैं। इससे घाट पर जगह-जगह गोबर का अंबार लगा हुआ है।

घाट पूरी तरह खटाल में तब्दील हो गया है। समय रहते गोबर और अन्य गंदगी की सफाई नहीं हुई तो छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में काफी परेशानी होगी।

आधा किलोमीटर रेत पर चलकर देना होगा अर्घ्य

महादेव घाट पर छठ व्रतियों के सामने एक और बड़ी समस्या है। नदी की मुख्य धारा पूर्वी दिशा में बह रही है, जबकि घाट के समीप पानी का प्रवाह नहीं है।

ऐसे में व्रतियों को शाम और सुबह का अर्घ्य देने के लिए करीब आधा किलोमीटर तक रेत पर पैदल चलना पड़ेगा। खासकर बुजुर्ग व्रतियों और बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को इससे अधिक परेशानी हो सकती है।

महादेव घाट पर साफ-सफाई का काम कराया जा रहा है। बाटम नाले पर अस्थायी रूप से लोहे की चादर से पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इससे छठ व्रतियों को नाले के गंदे पानी में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। - चंदन कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।