जागरण संवाददाता, बोधगया। लोक आस्था के छठ महापर्व की महत्ता अब विदेशों तक फैल गई है। तभी तो इटली और जर्मनी से आए चार सदस्य भी भारत की संस्कृति से रूबरू होने के लिए इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रहे है।दो देशों के चार सदस्य छठ पूजा में शामिल होने के उद्देश्य से बोधगया आए हैं। जिसमें तीन महिला और एक पुरुष शामिल हैं।शनिवार को खरना के लिए बनाए जा रहे प्रसाद में विदेशी मेहमानों ने भी हाथ बंटाया और गंध धूप देने के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया। सभी आज अस्ताचलगामी सूर्य के अर्घ्य में शामिल होंगे। इसमें इंलिया, पामी,और जोलीना के साथ एक युवक इल्स भी शामिल है। 

विदेशों में भी लोग जानने लगे हैं छठ पूजा

जोलीना ने बताया कि भारतीय संस्कृति में छठ एक महान पर्व है,जिसे अब विदेशों में भी लोग जानने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर्व का सबसे खास बात यह है कि व्रती को तीन दिनों तक उपवास रहने के साथ बहुत ही साफ सफाई का ध्यान रखना पड़ता है। पूरी तरह से पवित्र होकर पूजा की जाती है। जोलीना ने बताया कि छठ पूजा में शामिल होने के उद्देश्य से हम इंडिया आईं हूं और त्यौहार के अंतिम दिनों तक पूजा करूंगी। बुद्धभूमि पर पहले भी कई विदेशी मेहमान इस पवित्र त्यौहार में शामिल होने के लिए सात समंदर पार करके आते रहे हैं। जो इस पूजा में शामिल होते रहे हैं। कई ऐसे भी विदेशी महिला हैं जो स्थानीय युवकों से शादी कर विदेश में हैं और वो छठ पूजा को लेकर आकर इस पूजा में शामिल होती हैं। 

Edited By: Prashant Kumar Pandey