छठ घाटों पर दिखा आस्था का विहंगम दृश्य
संवाद सहयोगी, शेरघाटी : उगह सुरूज देहो अरगिया.. जैसे छठी मइया के पारंपरिक गीतों के बीच छ
संवाद सहयोगी, शेरघाटी : उगह सुरूज देहो अरगिया.. जैसे छठी मइया के पारंपरिक गीतों के बीच छठ व्रतियों द्वारा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ बुधवार को संपन्न हो गया। मोरहर नदी राम मंदिर घाट पर अल सुबह से व्रतियों व श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। इस घाट के दोनों छोर पर दउरा में सजे सूप, नारियल, महताब व छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं की भीड़ आस्था का एक विहंगम दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। शहर के मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर जल रहे दीप एक अलग छटा बिखेर रही थी। चौक चौराहे व सड़कों के बीच बनी आकर्षक रंगोली एक अलग ही संदेश दे रहा था। इंदिरानगर घाट, सत्संग नगर कोल्ड स्टोरेज घाट व नई बाजार घाट के अलावा वार्ड नंबर एक के कठार दो में समोदबिगहा, अमरसिंहबाग वार्ड 20 में मिल्की बाग के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के हनानगंज स्थित जमुनईया नदी घाट, चेरकी आदि में कई घाटों पर अर्घ्य अर्पित किए गए। श्रीरामपुर पंचायत के बेलडीह, श्रीरामपुर , बीटीबिगहा, नवादा आदि गावों के व्रतियों ने बुढि़या और मोरहर नदी में बने घाटों पर अर्घ्य अर्पित किए गए। अफजलपुर के समक्ष नदी में गड्ढे खोदने पर जब पानी नहीं मिला तो छठव्रती यहां से दो किमी दूर सत्संगनगर घाट पर अर्घ्य अर्पित कर सके।
एसडीओ उपेंद्र पंडित, डीएसपी रविश कुमार, थानाध्यक्ष राजीव कुमार घाटों पर तैनात पुलिस बल की निगरानी करते रहे।
स्थानीय छठ पूजा समिति ने प्रशासनिक व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से सूर्योपासना का पर्व बीत गया। सूर्यनारायण छठ पूजा समिति राममंदिर के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, अरूण चंद्रवंशी, सत्संगनगर के अरविंद सिंह, इंदिरानगर के परशुराम, नई बाजार के राहूल ने मुख्य पार्षद लीलावती देवी व इनके पुत्र विनय प्रसाद , चिंटू सिंह सहित अन्य वार्ड पार्षदों के कार्यो व सहयोग की प्रशंसा की है।
बीटीबिगहा दोमुहान घाट पर चार पांच फीट गहरे खोदाई के बाद मिट्टीयुक्त जल में व्रतियों को अर्घ्य देना पड़ा। यहां अपने गांव पहुंचे आइएएस अधिकारी सोनू कुमार सिंह ने ग्रामीणों के सहयोग से कुंड बनवाया। गाव से लेकर घाट तक पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था की।
----
छठ पूजा पर नाटक
का हुआ मंचन
संवाद सूत्र, इमामगंज : छठ पूजा के अवसर पर मंगलवार की रात बंदोहरी गाव में नवयुवक छात्र झझकर नाट्य कला परिषद द्वारा प्रस्तुत नाटक का उद्घाटन पूर्व विधान परिषद डॉ. उपेन्द्र प्रसाद ने किया। इस मौके पर नवयुवक संघ अध्यक्ष योगेंद्र प्रजापति, सचिव सियावर प्रसाद, पंसस के पति किशोरी प्रसाद, मुकेश दांगी, वासुदेव प्रजापति, धर्मेद्र प्रसाद, दांगी सहित कई लोग मौजूद थे।
----
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के
साथ संपन्न हुआ छठ पर्व
संवाद सूत्र, खिजरसराय:
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का पर्व छठ बुधवार को संपन्न हो गया। बथानी में अतरी विधायक कुंती देवी ने छठ व्रत कर लोगों के मंगल की कामना की। एसडीएम मनोज कुमार की पत्नी खिजरसराय स्थित तालाब में अर्घ्य दीं। अतरी, बथानी, मोहड़ा एवं खिजरसराय में लागों ने प्रशासन के सहयोग से घाटो की साफ सफाई और अन्य व्यवस्था को सुदृढ़ रखा। खिजरसराय केनी घाट पर छठ पूजा समिति द्वारा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए शरबत एवं चाय की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर निश्शुल्क पेयजल की व्यवस्था की गई थी। औंगारी, मकसुदपुर ,अइमा घाट पर सर्वाधिक भीड़ थी। औंगारी घाट पर पूजा समिति द्वारा सास्कृतिक कार्यक्रम सह संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें छोटेलाल कुमार एवं नवीन कुमार की प्रस्तुति सराहनीय रही। पुलिस उपाधीक्षक रमेश दुबे तथा थानाध्यक्ष निशांत कुमार घाटों की निगरानी करते रहे।