आठवा मगध पुस्तक मेला व सास्कृतिक महोत्सव 21 से
आठवां मगध पुस्तक मेला और सांस्कृतिक महोत्सव 21 दिसंबर से गांधी मैदान में शुरू होगा।
गया। आठवां मगध पुस्तक मेला और सांस्कृतिक महोत्सव 21 दिसंबर से गांधी मैदान में शुरू होगा। यह एक जनवरी तक चलेगा। अक्षर संसार फाउंडेशन के कार्यक्रम पदाधिकारी नवनीत प्रिये ने बताया कि मगध पुस्तक मेला और सास्कृतिक महोत्सव को विशेष स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में देशभर के प्रमुख प्रकाशकों को पुस्तक प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। पुस्तक प्रदर्शनी में देश के नामचीन प्रकाशकों के स्टॉल होंगे। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की संस्था नेशनल बुक ट्रस्ट आठवें मगध पुस्तक मेला का भागीदार होगा। मेला इस वर्ष युवाओं को समर्पित है। इसका टैगलाइन ज्ञान ही गौरव, ज्ञान ही गर्व और हमारा नारा युवा नौजवानों आओ भारत बनाओ होगा। अक्षर संसार फाउंडेशन के 12 दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण मगध गौरव सम्मान होगा। जिसमें मगध गौरव प्रतियोगिता के अंतर्गत युवाओं और बच्चों के बीच नृत्य कला, गायन, कला, चित्रकला, क्राफ्ट, क्विज, फोटोग्राफी, रंगोली, शॉर्ट वीडियो, मूवी मेकिंग, ड्रामा एक्टिंग, कहानी एवं कविता लेखन, पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन, भाषण, आशुभाषण, वाद्ययंत्र वादन आदि प्रतियोगिताएं होंगी। इस वर्ष गया कॉलेज, मिर्जा गालिब कॉलेज एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के 50 से अधिक छात्र-छात्राएं मगध पुस्तक मेला में इंटर्नशिप भी कर रहे हैं।