बोधगया टूरिज्म को झटका: बैंकॉक में बाढ़, दिल्ली में प्रदर्शन और महंगी फ्लाइट से कैंसिल हो रही विदेशी बुकिंग
बोधगया में पर्यटन सीजन की शुरुआत में ही विदेशी पर्यटकों ने बाढ़, दिल्ली प्रदर्शन और महंगी उड़ानों के कारण अपने दौरे रद कर दिए हैं।

बाढ़, प्रदर्शन और महंगी उड़ानों की मार, बोधगया के विदेशी पर्यटकों ने रद किए दौरे
HighLights
विदेशी पर्यटकों ने बोधगया के पर्यटन दौरे रद्द किए।
बैंकॉक बाढ़, दिल्ली प्रदर्शन, महंगी उड़ानें बनीं कारण।
होटल, ट्रैवल एजेंसियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित।
संवाद सूत्र, बोधगया। विश्व पर्यटक स्थल बोधगया में पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही कारोबारियों को झटका लगने लगा है। बैंकॉक और नेपाल में बाढ़, दिल्ली में प्रदर्शन, महंगे हवाई टिकट और उड़ानों की अनुपलब्धता ने विदेशी पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित कर दी है।
बोधगया आने की तैयारी कर चुके कई विदेशी पर्यटक समूहों ने अपना कार्यक्रम रद कर दिया है। इससे होटल, ट्रैवल एजेंसी, गाइड, वाहन संचालक और रेस्तरां कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, अक्टूबर से बोधगया में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगती है। थाईलैंड, वियतनाम समेत विभिन्न बौद्ध देशों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
इसे देखते हुए होटल संचालकों ने अग्रिम बुकिंग की तैयारी की थी और कई होटलों में पर्यटक समूहों के लिए कमरे आरक्षित किए गए थे। लेकिन यात्रा कार्यक्रम रद होने से कारोबार प्रभावित होने की आशंका है।
100 समूहों की जगह सिर्फ 40 की बुकिंग कन्फर्म
स्माइल होली डे के ट्रैवल निदेशक विक्की सिंह ने बताया कि थाईलैंड से आने वाले पर्यटक समूहों पर बैंकॉक में बाढ़ और हवाई टिकटों की बढ़ती कीमतों का असर पड़ा है। आम तौर पर थाईलैंड से करीब 100 पर्यटक समूहों के आने का कार्यक्रम बनता था, लेकिन इस बार अब तक केवल 40 समूहों ने ही अपनी यात्रा की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि 15 से 22 अक्टूबर के बीच थाईलैंड के कई पर्यटक समूहों को बोधगया पहुंचना था, लेकिन अचानक कई समूहों ने अपना कार्यक्रम रद कर दिया। इससे पर्यटन कारोबारियों को निराशा हुई है।
उड़ानें रद, लंबा हुआ सफर
वियतनाम के होची मिन्ह सिटी से कोलकाता आने वाली उड़ान रद होने से वहां के पर्यटकों की यात्रा भी प्रभावित हुई है।
अब पर्यटकों को बेंगलुरु, दिल्ली या मुंबई के रास्ते गया जी एयरपोर्ट पहुंचने के विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। इससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। नतीजतन, कुछ समूहों ने बोधगया आने का कार्यक्रम ही रद कर दिया।
दिल्ली के प्रदर्शन और कॉरपोरेट टूर का भी असर
पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक, दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों के कारण वहां से होकर यात्रा करने वाले कुछ विदेशी समूहों ने अपना प्लान बदल दिया है।
वहीं, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के कारण कुछ कॉरपोरेट टूर भी रद होने की बात सामने आई है। इससे होटल, वाहन संचालक और स्थानीय गाइडों की आमदनी प्रभावित होने की आशंका है।
होटल एसोसिएशन ने जताई चिंता
होटल एसोसिएशन बोधगया के अध्यक्ष जय सिंह ने बताया कि बैंकॉक और नेपाल में बाढ़ तथा दिल्ली में प्रदर्शनों के कारण कई होटलों की अग्रिम बुकिंग रद हुई है।
उन्होंने कहा कि इस बार अपेक्षा के अनुरूप बुकिंग नहीं हुई। बौद्ध मठों में विदेशी पर्यटकों के ठहराव और दलाई लामा के कार्यक्रम रद होने का असर भी होटल कारोबार पर पड़ा है। पर्यटन सीजन में उम्मीद के अनुरूप पर्यटकों के नहीं पहुंचने से स्थानीय व्यवसायियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
