बोधगया में 200 वियतनामी श्रद्धालुओं ने जलाए सैकड़ों दीप, भारत-वियतनाम मैत्री के साथ विश्व शांति की कामना
बोधगया में वियतनाम से आए 200 बौद्ध श्रद्धालुओं ने दीपदान कर भारत-वियतनाम मैत्री और विश्व शांति की कामना की। इस ...और पढ़ें

आदि शंकराचार्य मठ में दीपों से जगमगाया परिसर
HighLights
वियतनामी श्रद्धालुओं ने बोधगया में भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया।
भारत-वियतनाम मैत्री और विश्व शांति की कामना की गई।
आदि शंकराचार्य मठ और महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना हुई।
संवाद सूत्र, बोधगया(गयाजी)। ज्ञान और शांति की धरती बोधगया में मंगलवार को भारत-वियतनाम मैत्री और विश्व शांति का अनूठा नजारा देखने को मिला। वियतनाम से आए करीब 200 बौद्ध श्रद्धालुओं ने सैकड़ों दीप जलाकर पूरी दुनिया में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की। आदि शंकराचार्य मठ में आयोजित भव्य दीपदान कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के साथ हिंदू देवी-देवताओं के समक्ष भी पूजा-अर्चना की। दीपों की रोशनी से मठ परिसर जगमगा उठा और भारत-वियतनाम के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों का संदेश दूर तक पहुंचा।
डूंगेश्वरी से शुरू हुई आध्यात्मिक यात्रा
दीपदान कार्यक्रम से पहले सभी वियतनामी श्रद्धालु डूंगेश्वरी पहुंचे। यहां भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद शाम को विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर पहुंचकर भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने बोधगया के प्रमुख बौद्ध स्थलों पर प्रार्थना कर शांति और मानवता के कल्याण का संकल्प दोहराया।
आदि शंकराचार्य मठ में दीपों से जगमगाया परिसर
महाबोधि मंदिर में पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने आदि शंकराचार्य मठ में भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया। मठ परिसर में स्थापित हिंदू देवी-देवताओं और भगवान बुद्ध की प्रतिमाओं के समक्ष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए गए। इस आयोजन ने धार्मिक समन्वय, आपसी सम्मान और सांस्कृतिक एकता की खूबसूरत तस्वीर पेश की।
भारत-वियतनाम दोस्ती मजबूत करने का संदेश
वियतनामी धर्मगुरु थीच डुक चूक ने बताया कि इस विशेष पूजा का उद्देश्य भारत और वियतनाम के बीच मैत्री संबंधों को और मजबूत करना है। इसके साथ ही विश्व शांति, संपूर्ण मानव कल्याण और दोनों देशों के लिए शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि दीपदान के माध्यम से मानवता, शांति और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।
शांति और सद्भाव के संकल्प में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु
कार्यक्रम में डेजी, नुएन, नहंग सहित बड़ी संख्या में वियतनामी श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सभी ने दीप प्रज्वलित कर दुनिया में प्रेम, करुणा और भाईचारे की भावना मजबूत होने की कामना की। बोधगया में आयोजित यह कार्यक्रम भारत और वियतनाम के गहरे बौद्ध सांस्कृतिक संबंधों के साथ धार्मिक सद्भाव की मिसाल बन गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।