भभुआ में सड़क हादसा: बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा घायल, जा रहे थे हरि कीर्तन में शामिल होने
कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हाे गया। दोनों युवक बाइक से हरिकीर्तन में शामिल होने जा रहे थे।
जासं, भभुआ। भभुआ थाना क्षेत्र के जिगनी मोड़ के पास बुधवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान इसी थाना क्षेत्र के गोराईपुर गांव निवासी बेथू बिंद के पुत्र गज्जन बिंद (30) के रूप में की गई। घायल युवक उसी के गांव का नीतीश कुमार है। घटना से मातम पसर गया है। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा स्वजन को सौंप दिया गया। नीतीश का इलाज कराया जा रहा है।
देर रात तक नहीं लौटने पर ढूंढने निकले स्वजन
जानकारी के अनुसार बाइक से गज्जन बिंद व नीतीश कुमार बुधवार की रात बाइक से जिगिनपुरवां गांव में आयोजित हरिकीर्तन में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान जिगनी पुल के पास मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। रात का समय होने के चलते गांव में सूचना काफी विलंब से मिली। देर रात तक नहीं लौटने पर दोनों के स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। लेकिन उनके मोबाइल पर बात नहीं हो पा रही थी। स्वजन अनहोनी की आशंका से सहमे थे।
अस्पताल में गज्जन को डॉक्टर ने किया मृत घोषित
इसी क्रम में उन्हें सूचना मिली कि जिगनी मोड़ के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए हैं।लोग आनन-फानन में वहां पहुंचे तो गज्जन और नीतीश को देखकर सन्न रह गए। दोनों लहुलूहान हो बेसुध पड़े थे। उन्हें स्वजन व गांव के लोग सदर अस्पताल लेकर आए। वहां चिकित्सकों ने गज्ज्न बिंद को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही स्वजनों की चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव को दाह संस्कार के लिए ले गए। ग्रामीणों के अनुसार यह घटना कोहरे के कारण हुई। कोहरे के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बाइक की लाइट से दूर तक नहीं दिखने के चलते वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।