पितृपक्ष मेला 2026: विधानसभा अध्यक्ष ने गयाजी में तैयारियों का लिया जायजा, सड़कों की मरम्मत के निर्देश
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गयाजी में पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों का जायजा लिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने किया निरीक्षण। (जागरण)
HighLights
विधानसभा अध्यक्ष ने गयाजी में मेला तैयारियों का निरीक्षण किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर।
सड़क, बिजली, पानी सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गयाजी टाउन अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, विद्युत आपूर्ति, सड़क एवं नाली की व्यवस्था सहित पिंडदान स्थलों पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि 25 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
गयाजी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यहां से बेहतर अनुभव लेकर जाए, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य करें। निरीक्षण के दौरान गयाजी टाउन के टूटे हुए मुख्य मार्गों की तत्काल मरम्मती कराने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है, ऐसे में प्रमुख मार्गों, पिंडदान स्थलों, घाटों और आवागमन वाले रास्तों को पूरी तरह दुरुस्त रखना आवश्यक है। सड़क, नाली, खुले मैनहोल एवं अन्य छोटी-बड़ी कमियों को भी मेला शुरू होने से पहले ठीक करने को कहा।
उन्होंने प्रमुख पिंडदान स्थलों, घाटों, तालाबों, धार्मिक स्थलों तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर गयाजी देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था को लेकर मेला क्षेत्र में 17 स्थानों पर वैट-प्याऊ का निर्माण कराया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पनशाला भी लगाई जाएगी। मेला क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सर्वे कर खराब लाइटों की मरम्मति कराई जा रही है।
जिन स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी है। श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ वाले हाटस्पाट और ब्लैक स्पाट पर हाईमास्ट एवं मिनी हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना है।
रामकुंड, गोदावरी, ब्रह्मसत एवं वैतरणी के मिनी झरने होंगे दुरुस्त
गयाजी के विभिन्न धार्मिक तालाबों में लगे मिनी झरनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। रामकुंड, गोदावरी तालाब, ब्रह्मसत और वैतरणी में लगे मिनी झरनों की जांच कर आवश्यक मरम्मति कराने का निर्देश दिया गया।
पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को 24 घंटे निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है।
विद्युत अधीक्षण अभियंता संदीप प्रकाश ने बताया कि मेला क्षेत्र में त्वरित शिकायत निवारण एवं विद्युत व्यवस्था की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।
यहां अधिकारियों एवं कर्मियों की तीन पालियों में प्रतिनियुक्ति होगी तथा त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए वाकी-टाकी की व्यवस्था की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 20 हजार में बिहार के बोधगया, राजगीर और नालंदा की करें सैर; तीन दिन तक रहना खाना फ्री
