Bihar: गया में शादी समारोह में गैस सिलेंडर फटने से हुआ भीषण, खाना बना रही 7 महिलाओं समेत 10 की हालत गंभीर
Gas Cylinder Explosion in Gaya बुधवार शाम गया की एक शादी समारोह में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। शादी समारोह में हुए इस भीषण हादसे में सात महिलाओं समेत 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
संवाद सहयोगी, टिकारी: बुधवार शाम गया की एक शादी समारोह में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। शादी समारोह में हुए इस भीषण हादसे में सात महिलाओं समेत 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। हादसे के बाद घायलों को टिकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से अधिकांश घायलों को मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
गैस सिलडंर ब्लास्ट की यह घटना टिकारी के मदारपुर की एक शादी समारोह में हुआ है। मदारपुर निवासी रंजीत सिंह के घर में उनके बेटे नीतीश कुमार की शादी की रस्म चल रही थी।
पकवान बना रही थी महिलाएं
घर की महिलाएं मण्डपाछादन के रस्म के बाद आंगन में एक साथ बैठकर पकवान बना रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुए इस भीषण हादसे की चपेट में आसपास मौजूद महिलाएं और घर के सदस्य आ गये।
आग का गोला बना सिलेंडर
गैस सिलंडर फटने से बना आग का गोला इतना तेज प्रेशर वाला था कि घर के मुख्य दरवाजा से बाहर निकलने के बाद बाहर बैठे दो पुरूष सदस्य को भी अपने चपेट में ले लिया। कुछ पल में ही माहौल बदल गया और चीख पुकार के साथ अफरा तफरी मच गई।
क्या बोले स्वास्थ्य प्रबंधक
स्वास्थ्य प्रबंधक अभय कुमार सिन्हा ने बताया कि मरीजों की संख्या अधिक रहने के कारण एक साथ चार एम्बुलेंस को अस्पताल से मेडिकल के लिए रवाना किया गया। इनमें कुछ मरीजों की स्थिति ज्यादा गंभीर देखी गयी है।