चंबल एक्सप्रेस में करीब 3 करोड़ के सोने की लूट का पर्दाफाश, 3 आरोपित गिरफ्तार; 612 ग्राम सोना बरामद
रेलवे स्टेशन पर अधिकारी बनकर 3 करोड़ के सोने की लूट का रेल पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

612 ग्राम सोना बरामद। (जागरण)
HighLights
रेलवे स्टेशन पर 3 करोड़ के सोने की लूट।
रेल पुलिस ने तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार।
612 ग्राम सोना बरामद, शेष की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, गयाजी। रेलवे स्टेशन पर अधिकारी बनकर यात्रियों और कारोबारियों को डराने-धमकाने वाले ठगों ने इस बार करीब तीन करोड़ रुपए के सोने को निशाना बनाया था।
भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर सोना कारोबारी के कर्मचारी से 2 किलो 6 ग्राम सोना लेकर फरार होने के मामले का रेल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस ने उत्तर प्रदेश के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
हालांकि, चोरी गए सोने का बड़ा हिस्सा अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसकी बरामदगी के लिए छापेमारी और पूछताछ जारी है।
रविवार को गया जंक्शन स्थित रेल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि बरेली के संकल्प गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड के मालिक संजय कुमार खंडेलवाल के कर्मचारी संजीव चौहान के साथ यह घटना हुई थी।
संजीव कंपनी का सोना लेकर कोलकाता गए थे। वहां से चंबल एक्सप्रेस से वापस बरेली लौट रहे थे। इसी दौरान 24 अक्टूबर को भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर दो व्यक्ति अधिकारी बनकर उनके पास पहुंचे।
दोनों ने खुद को अधिकारी बताते हुए कर्मचारी को अपने प्रभाव में लिया और उससे सोना व मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद उसे जेल भेजने और उसके मालिक के घर छापेमारी कराने की धमकी दी। भयभीत कर्मचारी कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दोनों आरोपित सोना लेकर फरार हो गए।
कई एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
इस दौरान जीआरपी, आरपीएफ भभुआ, आरपीएफ सीआइबी डीडीयू और बरेली पुलिस को एक साथ लगाया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23 वर्षीय रोहित कुमार, 25 वर्षीय सचिन गंगवार और 29 वर्षीय वरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित सचिन गंगवार सोना कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल के यहां 15 हजार रुपए मासिक वेतन पर काम करता था।
ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि घटना की योजना बनाने और सोने की आवाजाही से जुड़ी जानकारी जुटाने में उसकी क्या भूमिका रही।
ठेकेदार के घर में छिपाकर रखा था सोना
रेल पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित वरुण कुमार मकान निर्माण का ठेकेदार है। उसके घर की तलाशी के दौरान 612.74 ग्राम सोना बरामद किया गया।
इसके साथ ही चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस अब शेष सोने का पता लगाने में जुटी है। आरोपितों से पूछताछ के आधार पर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि बाकी सोना किसके पास है और उसे कहां ठिकाने लगाया गया है।
24 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मामला
इस मामले में 24 अक्टूबर को भभुआ रोड रेल थाना कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता और शेष सोने की बरामदगी को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- जो खुद मांगता था, उसने भिक्षु की झोली में डाल दिया अपना निवाला; इमोशनल कर देगा गयाजी का यह VIDEO
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।