खुलेआम घूम रहे गबन के फरार आरोपितों पर औरंगाबाद पुलिस मेहरबन, बैंक के एमडी ने एसपी को लिखा पत्र
फरार आरोपित जमानत के लिए दौड़ लगा रहे हैं। हद तो यह कि वर्ष 2019 एवं 2020 में दर्ज कांड के आरोपित को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिला कोआपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक अमर कुमार झा ने 18 अगस्त 2021 को एसपी को एक पत्र भेजा है।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। को-आपरेटिव बैंक की सरकारी राशि गबन के फरार आरोपितों पर पुलिस की मेहरबान है। तभी तो गबन के आरोपित देव कोआपरेटिव बैंक के रोकड़पाल उपेंद्र कुमार, प्रभारी प्रबंधक गुप्तेश्वर प्रसाद एवं मदनपुर बैंक के कर्मी अभिषेक कुमार अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। उपेंद्र के खिलाफ देव थाना में कांड संख्या 56/ 21, अभिषेक के खिलाफ वर्ष 2019 में नगर थाना कांड संख्या 320/ 19 एवं गुप्तेश्वर के खिलाफ देव थाना कांड संख्या 133/ 20 दर्ज है। गिरफ्तारी के प्रति कांड के आइओ सुस्त बैठे हैं और आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस फरारी का बहाना बनाकर आरोपितों को लाभ पहुंचा रही है। पुलिस के इस लाभ से आरोपितों को कोर्ट से जमानत का लाभ मिल सकता है।
जमानत के बाद पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर सकती है। चर्चा है कि फरार आरोपित जमानत के लिए दौड़ लगा रहे हैं। हद तो यह कि वर्ष 2019 एवं 2020 में दर्ज कांड के आरोपित को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। सरकारी राशि गबन के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जिला कोआपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक अमर कुमार झा ने 18 अगस्त 2021 को एसपी को एक पत्र भेजा है। एसपी के द्वारा प्रबंध निदेशक के संबंधित पत्र के माध्यम से कार्रवाई करने का आदेश सदर एसडीपीओ को 28 अगस्त 2021 को भेजा है। एसपी का निर्देश संबंधित थानाध्यक्षों को भेजा गया होगा पर आजतक गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं हुई है।
गबन के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से वर्दी की बदनामी हो रही है। थानाध्यक्ष से लेकर कांड के आइओ पर सवाल उठ रहा है। प्रबंध निदेशक ने बताया कि सरकारी राशि गबन करने के आरोप में बैंक कर्मी उपेंद्र कुमार, अभिषेक कुमार एवं गुप्तेश्वर प्रसाद पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। तीनों बैंक कर्मियों ने बैंक की सरकारी राशि का गबन किया है। गिरफ्तारी के लिए मेरे पत्र पर एसपी के द्वारा 28 अगस्त को सदर एसडीपीओ को निर्देश पत्र भी भेजा गया है पर अबतक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। गिरफ्तारी नहीं होने पर फरार बैंक कर्मियों को जमानत का लाभ मिल सकता है। उधर एसपी ने बताया कि तीनों मामले में गिरफ्तारी अबतक क्यों नहीं हुई है इसे देखते हैं।