Crime News: कैमूर में नाबालिग से छेड़खानी के आरोपित की हत्या, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव में नाबालिग से छेड़खानी के आरोपित की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव दरवाजे पर सुबह में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में पुलिस कैंप कर रही है।
जासं, भभुआ। भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव में एक नाबालिग के साथ छेड़खानी के आरोपित की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक उसी गांव के स्व सुशील कुमार का पुत्र रितेश श्रीवास्तव उर्फ सीपू (23 वर्ष) था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस मामले में गांव के ही एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है।
घटना के बारे में बताया जाता है कि मंगलवार की देर शाम रितेश श्रीवास्तव ने गांव की एक लड़की के साथ छेड़खानी की थी। ग्रामीणों का कहना था कि इस दौरान रितेश ने लड़की के साथ दुष्कर्म का भी प्रयास किया। किसी तरह बचकर लड़की अपने घर गई तो इस बात की जानकारी अपने स्वजनों को दी। इस बात की खबर पूरे गांव में फैल गई। कुछ देर बाद ही लड़की के स्वजन व अन्य लोग रितेश के घर पहुंच गए।
आशंका जताई जा रही है कि आरोपित पक्ष के लोग जबरन ले गए। इसके बाद बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद देर रात उसके दरवाजे पर अधमरा फेंककर फरार हो गए। सुबह में लोगों ने रितेश को मृत पाया। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। उधर गांव में तनाव को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।