खाता खोलाे अभियान: नवादा डाक मंडल में खुले 80 हजार 874 खाते, राज्यभर में रहा दूसरे स्थान पर
नवादा डाकमंडल में 4 से 19 दिसंबर तक खाता खोलो विशेष अभियान का सकारात्मक असर दिखा है। इसके तहत जिला भर में 80 हजार से ज्यादा खाते खोले गए। इनमें सबसे अधिक 47 हजार 386 आरडी खाते खोले गए।
जासं, नवादा। नवादा डाक मंडल (Nawada Postal Division) ने खाता खोलने के विशेष अभियान में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। राज्य भर में यह दूसरे स्थान पर रहा। पंद्रह दिनों तक चलाए गए अभियान में 80 हजार से अधिक खाते खोले गए। इनमें बचत खाता, आवर्ती जमा खाता, वरिष्ठ नागरिक खाता समेत अन्य खाते शामिल हैं।
गौरतलब है कि सभी डाकघरों में विभाग की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए 4 से 19 दिसंबर तक खाता खोलने का विशेष अभियान चलाया गया। पंद्रह दिन तक चलाए गए विशेष अभियान में विभागीय अधिकारी व कर्मियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। इस अभियान के तहत जिलेभर में कुल 80 हजार 874 खाते खोले गए। सबसे अधिक आरडी का 47 हजार 386 खाता खुला।
सबसे अधिक खुले आरडी खाते
डाक अधीक्षक शिवशंकर मंडल ने बताया कि सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं डाकघर की योजनाओं से हरेक व्यक्ति को जोड़ने के लिए 4 से 19 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया गया था। सबसे अधिक आरडी (Reccurring Deposite) का 47 हजार 386 खाते खोले गए। इस अभियान के तहत बचत खाता, पांच वर्षीय मासिक आय योजना, पांच वर्षीय वरिष्ठ नागरिक खाता, जीवन बीमा योजना समेत अन्य खाता खोला गया। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खुलवाने के लिए अविभावकों को विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी डाकघर के कर्मियों ने विशेष अभियान में बेहतर प्रदर्शन किया है।
खनवां के हरेक घर में खोला गया सुकन्या समृद्धि खाता
डाक अधीक्षक ने बताया कि जिले के नरहट प्रखंड के खनवां गांव में हरेक घर में सुकन्या समृद्धि खाता खोला गया। खनवां बिहार की पहली सुकन्या पंचायत घोषित की गई। खनवां उपडाकघर के कर्मियों द्वारा विशेष अभियान के तहत सुकन्या समृद्धि के 2645 खाते खोले गए। इसके अलावा बचत, सावधि, जीवन बीमा खाता समेत अन्य खाता खोलकर बेहतर प्रदर्शन किया। बेहतर कार्य करने वाले खनवां उपडाकघर के कर्मियों को पोस्टमास्टर जनरल अनिल कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित भी किया गया था। बेहतर कार्य करने वालों में वीरेंद्र प्रसाद सिंह, अशोक पांडेय, रविंद्र प्रसाद शाही एवं मनमोहन पंडित आदि शामिल हैं।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मी हुए सम्मानित
डाक अधीक्षक ने बताया कि विशेष अभियान के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को भी पोस्टमास्टर जनरल अनिल कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। जीवन बीमा समेत अन्य कार्य में बेहतर करने वाले 23 कर्मियों को सम्मानित किया गया। जिसमें सहायक डाक अधीक्षक धीरेंद्र कुमार धीरज,डाक निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, रामजी राय, सोनू कुमार सिन्हा, विनय मिश्रा, अरविंद कुमार, गौरी शंकर समेत अन्य लोग शामिल हैं।