Move to Jagran APP

कई तिरंगे को जोड़कर बनेगी विशाल श्रृंखला, 23 को वीर कुंवर सिंह की जयंती पर आरा में रहेंगे अमित शाह

कैमूर में पहुंचे नित्यानंद राय ने कहा 23 अप्रैल को आरा में बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती के मौके पर आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया है। जिसमें गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो रहे हैं। इस मौके पर 75 तिरंगा को जोड़कर एक श्रृंखला बनाना है।

By Prashant Kumar PandeyEdited By: Tue, 19 Apr 2022 08:16 AM (IST)
कई तिरंगे को जोड़कर बनेगी विशाल श्रृंखला, 23 को वीर कुंवर सिंह की जयंती पर आरा में रहेंगे अमित शाह
नित्यानंद राय और अमित शाह की तस्वीर, जागरण आर्काइव

 संवाद सहयोगी, मोहनियां- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्र सरकार देश सेवा व जनसेवा के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कार्य कर रही है। सबके साथ सबका विकास हो रहा है। निकाय चुनाव में कैमूर व रोहतास के त्रिस्तरीय पंचायत राज के जनप्रतिनिधियों ने भाजपा प्रत्याशी संतोष सिंह को भारी मतों से विजयी बनाया है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। इनका यह फैसला पंचायतों में विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। स्थानीय प्रखंड के बघिनी गांव में कैमूर व रोहतास जिला के त्रिस्तरीय पंचायत राज प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित सम्मान समारोह को वे संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दोनों जिला के जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करने के लिए वे यहां आए हैं। उनकी हार्दिक इच्छा थी कि सम्मान समारोह में सभी जनप्रतिनिधियों से वे रूबरू हों। जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है वह उस पर खरा उतरें। पहली कसौटी पर सभी खरे उतरे हैं। निकाय के एमएलसी का चुनाव भी विकास के मुद्दे पर लड़ा गया था। जिसमें विकास की जीत हुई है। बोचहांविधानसभा के उपचुनाव में राजद प्रत्याशी की जीत के सवाल पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि इससे विपक्ष को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है। हार जीत में कई फैक्टर काम करते हैं। यह जनता का फैसला है। जिसे हम लोग शिरोधार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल को आरा में बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती के मौके पर आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया है। जिसमें गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो रहे हैं। इस मौके पर 75 तिरंगा को जोड़कर एक श्रृंखला बनाना है। वह सभी जनप्रतिनिधियों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने आए हैं। इस कार्यक्रम को लेकर जिस तरह लोगों में उत्साह है, उसे देखकर लगता है कि इसमें तिरंगे की संख्या एक लाख से पार हो जाएगी। जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है। सूबे के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें जो अधिकार दिया है उसके आधार पर विकास को गति प्रदान करें। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी त्रिस्तरीय पंचायत राज जनप्रतिनिधियों की है। वे ईमानदारी पूर्वक अपने दायित्व का निर्वाह करें। 

इस मौके पर नव निर्वाचित एमएलसी संतोष कुमार सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र पांडेय, पूर्व मंत्री बृजकिशोर बिंद, पूर्व विधायक अशोक सिंह, रिंकी रानी पांडेय, निरंजन राम, जदयू नेता आलोक सिंह, निवेदिता सिंह, जिला महामंत्री संतोष सिंह सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि व भाजपा के नेता उपस्थित रहे।