ड्रग्स मामले में फरार मुबारक का तलाशा जा रहा अपराधिक इतिहास, गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
गत 27 नवंबर को दाउदनगर पुलिस द्वारा शादी का स्टीकर लगा एक वाहन जप्त करते हुए उसमें से 77.2 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
औरंगाबाद, जेएनएन। गत 27 नवंबर को दाउदनगर पुलिस द्वारा शादी का स्टीकर लगा एक वाहन जप्त करते हुए उसमें से 77.2 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें चार को गिरफ्तार किया गया था और पांचवें की गिरफ्तारी का प्रयास अभी भी जारी है।
पुलिस सूत्रों ने दी अहम जानकारी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में बारुण थाना के शिरीष भोपतपुर निवासी फिरोज आलम, नगर थाना औरंगाबाद के कलामी मोहल्ला निवासी आसिफ इकबाल, सासाराम चौखंडी निवासी नियाज अहमद उर्फ मोनू और नावाडीह औरंगाबाद नगर थाना निवासी रसीद आलम उर्फ़ चांद को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन बारुण थाना के शिरीष भोपतपुर निवासी मुबारक हुसैन उर्फ़ मुन्ना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन पुलिस की पकड़ से वह घटना के 6 दिन बाद भी बाहर है। दाउदनगर पुलिस उसका अपराधिक इतिहास तलाश रही है।
बोले अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चल रही जांच
एसडीपीओ राजकुमार तिवारी के अनुसार ओबरा थाना क्षेत्र में लूट कांड में वह नामजद अभियुक्त रहा है। प्राप्त विवरण के अनुसार ओबरा थाना कांड संख्या 182/17 में धारा 394 के तहत वह नामजद अभियुक्त है। यह धारा लूट कांड में लगाया जाता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मारपीट और लूट की इस घटना के अलावा भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई हो सकती है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पटना से भी हो सकता कनेक्शन
औरंगाबाद जिले की पुलिस पटना पुलिस से भी संपर्क करने की तैयारी में है। पटना के जक्कनपुर थाने में ब्राउन शुगर की राज्यस्तरीय तस्कर भाभीजी पकड़ी गई थी। उसका पति भी गिरफ्तार हुआ था। भाभीजी के बैंक अकाउंट का टर्नओवर देखकर पुलिस वाले दंग रह गए थे। इससे मालूम हुआ कि वह राज्य भर में एक महीने में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ब्राउन शुगर बेच लेती थी।