वृद्धा की हत्या के आरोपितों के घर कुर्की जब्ती
संवाद सूत्र परैया थाना क्षेत्र के कजरी में छह महीने पूर्व वृद्धा की हत्या में नामजद आरोपितों के
संवाद सूत्र, परैया
थाना क्षेत्र के कजरी में छह महीने पूर्व वृद्धा की हत्या में नामजद आरोपितों के घर कुर्की जब्ती की कार्रवाई सोमवार को की गई। थाना अध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि हत्या में पाच के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें आरोपित अजित कुमार अकेला उर्फ सोनू शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं परैया प्रखंड कार्यालय में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी पिता संजय शर्मा, पत्नी उषा देवी व भाई अमित कुमार फरार है। नामजद पड़ोसी रंधीर कुमार उर्फ कारू सिंह भी फरार है। सभी आरोपियों के घर में न्यायालय के आदेश पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घरेलू सामान को जब्त कर लिया है। बता दें कि छह महीने पूर्व वृद्धा की हत्या को लेकर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। नामजद आरोपितों में अजित कुमार अकेला पर हत्या का आरोप है। वहीं अन्य सभी के विरुद्ध हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
रंगेहाथ ग्रामीणों के हत्थे चढ़े चोर
संवाद सूत्र, मोहनपुर
स्थानीय थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव में रविवार की रात नंदूलाल यादव के घर में चोरी करते एक चोर पकड़ा गया। उसे ग्रामीणों ने सोमवार को मोहनपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया। थाना अध्यक्ष रविभूषण ने बताया कि पकड़ा गया चोर बड़की बिहिया गांव का मोहम्मद साहिल अंसारी है। उन्होंने कहा कि मटिहानी गाव के नंदूलाल यादव के घर पर कोई नहीं था। लोग बाहर गए थे। खाली घर का ताला तोड़ चोर अंदर प्रवेश कर गए। घर में रखे बक्सा से चांदी की पायल, सिक्का एवं 50 हजार रुपए नकदी चुरा लिए। इसी दौरान पड़ोसी की नजर घर में चोरी कर रहे चोर पर पड़ गई। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास से जुटे लोगों ने एक चोर साहिल को पकड़ लिया। घर के बाद खड़ी एक बाइक भी लोगों ने पुलिस को सौंप दी। बाइक चोरी की है। मोहनपुर थाने में गाड़ी मालिक प्राथमिकी दर्ज करा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर साहिल को जेल भेज दिया गया है।
तीन अभियुक्तों को भेजा गया जेल
संवाद सूत्र, मोहनपुर
स्थानीय पुलिस ने थाना क्षेत्र के बड़की बिहिया गांव से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष रविभूषण ने बताया कि वांछित अभियुक्त बढ़न मिस्त्री, मिथुन मिस्त्री एवं रौशन मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया है। उक्त तीनों पर एससीएसटी एवं मारपीट का मामला दर्ज है। पकड़े गए अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।