गया एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, थाईलैंड से 10 करोड़ का मारिजुआना ला रही 2 महिलाएं गिरफ्तार
गया एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने थाईलैंड से आईं पंजाब की दो महिलाओं को 10 करोड़ रुपये के 10 किलोग्राम ...और पढ़ें

गया एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई
HighLights
गया एयरपोर्ट पर 10 किलोग्राम मारिजुआना जब्त की गई।
थाईलैंड से आईं पंजाब की दो महिलाएं गिरफ्तार हुईं।
बरामद नशीले पदार्थ की कीमत 10 करोड़ रुपये आंकी गई।
संवाद सूत्र, बोधगया। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के साथ ही गया जी एयरपोर्ट नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल होने लगा है। बुधवार को कस्टम विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाईलैंड से आई पंजाब की दो महिलाओं को करीब 10 किलोग्राम मारिजुआना (गांजा) के साथ गिरफ्तार किया है।
बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
10 किलोग्राम मारिजुआना बरामद
जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं बुधवार को थाई एयरवेज की फ्लाइट से सुबह 11:45 बजे थाईलैंड से गया जी एयरपोर्ट पहुंची थीं। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक्स-रे मशीन में उनके सामान की स्कैनिंग की गई।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ सहित अन्य सुरक्षाकर्मियों को उनके बैग पर संदेह हुआ। इसके बाद दोनों को रोककर पूछताछ की गई और सामान की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान चार अलग-अलग बैग में बेहद सावधानी से छिपाकर रखी गई करीब 10 किलोग्राम मारिजुआना बरामद हुई।
इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। करीब आठ घंटे तक पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सिमरनजीत और कुलविंदर के रूप में हुई है। दोनों पंजाब की रहने वाली बताई जा रही हैं।
गया जी एयरपोर्ट से छह लोगों के ग्रुप में थाईलैंड गया था दल
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, चार दिन पहले छह लोगों का एक ग्रुप थाईलैंड गया था। इसी ग्रुप की दो महिलाएं बुधवार को मारिजुआना की खेप के साथ गया पहुंचीं। बताया जा रहा है कि ग्रुप के अन्य चार सदस्य अभी तक गया जी एयरपोर्ट नहीं पहुंचे हैं। इस पूरे नेटवर्क और तस्करी के संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को लेकर कस्टम अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के बीच एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थों की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। फिलहाल कस्टम विभाग की जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।