बेला की बिटिया को पांच लाख के लिए मार डाला
- दहेजलोभियों ने खिला दी जहर आठ नामजद में से पति सहित तीन गिरफ्तार पटना जिला के बिक्रम में चार साल पहले हुई थी शादी संवाद सूत्र बेलागंज (गया)
गया । बेलागंज की रूबी कुमारी को ससुराल में जहर खिलाकर दहेजलोभियों ने मार डाला। भाई अभिषेक सिंह ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पति पिंटू कुमार सहित तीन आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
बकौल अभिषेक, शनिवार दोपहर जानकारी मिली कि रूबी को ससुराल वालों ने मार डाला है। चार साल पहले पिंटू कुमार से उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ माह तक तो सब ठीक रहा। एक साल बाद पिंटू और उसके परिजन पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। कई सामान और रुपये भी दिए गए। उसके बाद भी ससुराल वाले पैसे की मांग करते रहे। दहेजलोभियों ने अंतत: उसकी हत्या कर दी। रूबी की उम्र अभी 33 साल के करीब थी। पटना जिला में बिक्रम बाजार में बस स्टैंड के समीप पिंटू का घर है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घर से तमाम परिजन भाग खड़े हुए। बिक्रम के थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि पति सहित तीन आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं। शेष आरोपित भी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।