एयर इंडिया के विमान से दुबई से गया पहुंचे 151 प्रवासी
- झारखंड के तीन प्रवासियों को विशेष वाहन से रांची भेजा गया - बिहार के सभी प्रवासी बोधगया में किए गए क्वारंटाइन जागरण संवाददाता बोधगया
गया । 'वंदे भारत' मिशन के तहत सोमवार को दुबई से 151 प्रवासी एयर इंडिया के विशेष विमान से गया पहुंचे। उनमें बिहार के 149 और झारखंड के तीन बाशिंदे हैं। झारखंड के प्रवासियों को विशेष वाहन से रांची भेज दिया गया। बिहार के प्रवासियों को बोधगया में 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया गया है। एयर इंडिया का विमान दुबई से सीधे गया अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरा और तत्काल नई दिल्ली के लिए रवाना हो गया। उससे आए 76 प्रवासियों को निगमा बौद्ध मठ के चार नंबर ब्लॉक में क्वारंटाइन किया गया है। शेष प्रवासी होटल और गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन हैं। मंगलवार सुबह एयर इंडिया का विमान सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली होकर प्रवासियों को लेकर गया पहुंचेगा। साथ ही अल जजीरा एयरलाइन का विमान कुवैत से प्रवासियों को लेकर गया पहुंचेगा।