बिहार के युवाओं को मिलेगा रोजगार का हुनर, SSB दे रही टू-व्हीलर मैकेनिक की ट्रेनिंग
सशस्त्र सीमा बल (SSB) पूर्वी चंपारण के सीमावर्ती युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बना रहा है। यह पहल युवाओं ...और पढ़ें

कार्यक्रम को संबोधित करते पश्चिम चंपारण सांसद डा. संजय जायसवाल। सौ. एसएसबी
HighLights
SSB द्वारा सीमावर्ती युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण।
दोपहिया वाहन मरम्मत और निर्माण कार्य का प्रशिक्षण।
आत्मनिर्भरता और रोजगार के नए अवसर सृजित।
संवाद सहयोगी, छौड़ादानो (पूर्वी चंपारण)। सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सशस्त्र सीमा बल की 71वीं वाहिनी लगतार बेहतर काम कर रही है।
उक्त बातें पश्चिम चंपारण सांसद डा. संजय जायसवाल ने सतगुरु महंत राम खेलावन गोस्वामी प्लस टू उच्च विद्यालय कटगेनवा-महुआवा के मैदान में एसएसबी की 71वीं वाहिनी द्वारा आयोजित नागरिक कल्याण कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।
इसके पूर्व सांसद डा. संजय जायसवाल, सेनानायक प्रफुल्ल कुमार, विधायक विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से 30 दिवसीय प्रशिक्षण दोपहिया वाहन मरम्मत(टू-व्हीलर मैकेनिक) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सांसद डा. जायसवाल ने एसएसबी के पहल की सराहना करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं से नागरिक कल्याण व कौशल विकास कार्यक्रम से लाभ उठाने की अपील की।
कहा कि युवाओं के हाथों में हुनर और उन्हें काम करने का अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विधायक विशाल कुमार ने भी इस तरह की योजनाओं को ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए उपयोगी बताया।
सेनानायक श्री कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों के बेरोजगार युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप व्यावसायिक एवं तकनीकी कौशल से लैस कर उन्हें स्वरोजगार व रोजगार से जोड़ना है।
कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से युवा तकनीकी दक्षता हासिल कर अपना गैराज, सर्विस सेंटर या मरम्मत केंद्र स्थापित कर सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ क्षेत्र में कुशल मैकेनिक की उपलब्धता बढ़ेगी।
कहा कि एसएसबी सीमा की सुरक्षा व निगरानी के साथ सीमावर्ती क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास के लिए काम करती है।
उन्होंने बताया कि संपन्न हुए 30 दिवसीय निर्माण कार्य प्रशिक्षण में सीमावर्ती गांवों के 25 युवाओं ने भाग लिया था, जिन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बिल्डिंग एवं निर्माण कार्य से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।
कहा कि निर्माण क्षेत्र में कुशल कामगारों की मांग लगातार बनी हुई है। प्रशिक्षण प्राप्त युवा अपनी योग्यता के अनुरूप निजी संस्थानों एवं निर्माण क्षेत्र में रोजगार हासिल करने के साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
बताया कि प्रशिक्षण के बाद इच्छुक युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंकिंग ऋण एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने का भी काम किया जाएगा।
मौके पर एसएसबी के इंस्पेक्टर मोहम्मद साजिद, मुखिया संतोष कुमार गिरि, ध्रुव प्रसाद, सुरेंद्र तिवारी, अवधेश कुमार, पनालाल प्रसाद, प्रेमचंद्र जायसवाल, ज्योतिनारायण चौधरी, त्रिभुवन कुमार, झुना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।