विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी में जहरीली शराब कांड के बाद भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

By Vijay Giri Edited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 05 Apr 2026 08:37 PM (IST)

मोतिहारी जहरीली शराब कांड के बाद रक्सौल पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई की है। धनगढ़वा कौड़ीहार पंचायत के ...और पढ़ें

HighLights

  1. रक्सौल पुलिस ने अवैध शराब निर्माण पर की बड़ी कार्रवाई।

  2. भारी मात्रा में चुलाई शराब बरामद, 200 लीटर नष्ट की गई।

  3. मोतिहारी जहरीली शराब कांड के बाद सीमा पर सख्ती बढ़ी।

जागरण संवाददाता, रक्सौल, (पूर्वी चंपारण)। मोतिहारी जहरीली शराब कांड के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सख्ती बढ़ गई है। स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार की शाम त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चुलाई शराब की बड़ी मात्रा बरामद की। साथ ही करीब 200 लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

थानाध्यक्ष सह आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि धनगढ़वा कौड़ीहार पंचायत के भगवानपुर स्थित दलित बस्ती में अवैध रूप से शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां चुलाई शराब और बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित शराब पाई गई।

बरामद अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी या अवैध निर्माण में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।

इस छापेमारी अभियान में अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, एसआई कुशलेश पांडेय, कृष्ण मुरारी, अनीता सिन्हा सहित अन्य पुलिस जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

महुआवा पुलिस की छापेमारी में 403 बोतल नेपाली शराब बरामद, पांच गिरफ्तार

आदापुर । जिला पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर शराब तस्करों, अपराधियों और शराब पीने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को महुआवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर पुलिस ने 403 बोतल नेपाली शराब के साथ चार कारोबारियों तथा हत्या के प्रयास के एक आरोपी सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार भारत-नेपाल सीमा से सटे चन्द्रमण और धर्मनगर गांवों में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 403 बोतल नेपाली शराब बरामद करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दरपा थाना क्षेत्र के पीपरा निवासी स्व. जोखन साह के पुत्र छोटेलाल साह, तीनकोनी निवासी स्व. सुखदेव राम के पुत्र रामा राम, खेमन सहनी के पुत्र गोरख सहनी तथा भवानीपुर निवासी लक्ष्मी यादव के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में की गई है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर धर्मनगर गांव में छापेमारी कर छोटेलाल साह को 300 एमएल की 400 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि छोटेलाल साह के विरुद्ध पूर्व से भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत कांड संख्या 138/25 और 224/25 दर्ज है।वहीं चन्द्रमण गांव से पुलिस ने तीन अन्य आरोपितों को एक-एक बोतल नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी शराब के नशे में पाए गए। सभी के विरुद्ध आवश्यक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इसी अभियान के दौरान महुआवा थाना क्षेत्र के कटकेनवा गांव निवासी रिखदेव प्रसाद यादव के पुत्र नीरज कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। वह हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहा था।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी और अपराध पर नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।