रक्सौल में 5 किलो चरस के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क की जांच
भारत-नेपाल सीमावर्ती रक्सौल में पुलिस और जांच एजेंसियों ने कौड़िहार चौक पर छापेमारी कर 5 किलोग्राम चरस जब्त की है। ...और पढ़ें

गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद मीडिया को जानकारी देते डीएसपी।
HighLights
रक्सौल में 5 किलो चरस जब्त, दो लोग गिरफ्तार।
पुलिस, एसटीएफ, डीआरआई की संयुक्त छापेमारी कार्रवाई।
मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की गहन जांच जारी।
संवाद सहयोगी, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। Raxaul Charas Seizure: भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र रक्सौल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस और विभिन्न जांच एजेंसियों की संयुक्त टीम ने कौड़िहार चौक पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पांच किलोग्राम चरस जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर छापेमारी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि पुलिस को कौड़िहार चौक के आसपास मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संदिग्ध लोगों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर तत्काल विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। टीम में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, प्रेम कुमार, अंशुली आर्य सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
एसटीएफ और डीआरआई भी शामिल
कार्रवाई में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारी भी शामिल रहे। छापेमारी के दौरान टीम ने पांच किलोग्राम चरस जब्त किया।
मौके से रामगढ़वा थाना क्षेत्र के धनहर दिहुली पंचायत के लक्ष्मीपुर गांव निवासी राजेश राम की पत्नी मीरा देवी और रक्सौल थाना क्षेत्र के कोइरिया टोला निवासी जयराम साह के पुत्र लक्ष्मण साह को गिरफ्तार किया गया।
एक साल से जुटाए जा रहे थे साक्ष्य
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के संबंध में पिछले एक वर्ष से साक्ष्य जुटाए जा रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त चरस कहां से लाया गया था। साथ ही इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश
गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
