बिहार के रक्सौल में नकली 'तुलसी' पान मसाला मामले में FIR दर्ज, सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज
रक्सौल में नकली 'तुलसी' पान मसाला और तंबाकू के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएस ग्रुप की ...और पढ़ें

बिहार के रक्सौल में नकली 'तुलसी' पान मसाला मामले में FIR दर्ज, सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। शहर में नकली तंबाकू एवं पान मसाला के कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।
आईपीएस सह थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि डीएस ग्रुप द्वारा निर्मित ‘तुलसी’ ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचने के आरोप में नागा रोड निवासी विनय कुमार के खिलाफ स्थानीय थाना में मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया कि डीएस ग्रुप के प्रोटेक्शन एवं विजिलेंस मैनेजर रामवतार सिंह के आवेदन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 तथा कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, बैंक रोड स्थित पान मंडी में कंपनी प्रतिनिधियों और पुलिस की संयुक्त छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कथित नकली ‘तुलसी’ उत्पाद बरामद किए गए थे।
कंपनी को लंबे समय से सीमावर्ती शहर रक्सौल बाजार में नकली सामान बिकने की शिकायत मिल रही थी। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण नेपाल बॉर्डर के रास्ते भी नकली उत्पादों की सप्लाई होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब केवल एक दुकान तक जांच सीमित नहीं रख रही है। मामले में सप्लाई चेन, गोदाम और इससे जुड़े अन्य कारोबारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि नकली तंबाकू उत्पादों का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था।
इधर, स्थानीय लोगों में नकली तंबाकू उत्पादों को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि ऐसे उत्पादों के सेवन से युवाओं में गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
हालांकि, पुलिस ने बताया कि आरोपी विनय कुमार को मेडिकल आधार पर थाना से जमानत दे दी गई है, लेकिन मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
